नहीं सुलझ पा रही है शौर्य चक्र विजेता बलविंदर सिंह की हत्या की गुत्थी, पहेली बनी मर्डर की वजह
पंजाब पुलिस शौर्य चर्क विजेता बलविंदर सिंह की हत्या की गुत्थी अब तक नहीं सुलझा पाई है। इस हत्याकांड को लेकर पुलिस ने अभी तक कई लोगों की गिरफ्तारी की है लेकिन यह पहेली नहीं सुलझ पा रही है कि बलविंदर की हत्या क्यों की गई।
चंडीगढ़/तरनतारन, जेएनएन। शौर्य चक्र विजेता बलविंदर सिंह संधू की हत्या के 21 दिन बाद भी पंजाब पुलिस इसकी गुत्थी नहीं सुलझा सकी है। पुलिस ने इस मामले में अब तक कई लोगों को गिरफ्तार किया है, लेकिन वह इस पहेली को नहीं सुलझा पा रही है कि बलविंदर की हत्या क्यों की गई। हत्याकांड में पुलिस को मुख्य आरोपित सुखदीप और गुरजीत की तलाश है। इस मामले में पुलिस की जांच का एंगल भी बार-बार बदल रहा है। पहले पुलिस आतंकी हमले की जांच कर रही थी। बाद में निजी रंजिश का एंगल भी जुड गया। दूसरी ओर, पुलिस ने इस मामले में तरनतारन में तीन और लोगों को गिरफ्तार किया है। इस तरह मामले में अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या 14 हो गई है।
पंजाब के डीजीपी ने कहा, मुख्य आरोपित सुखदीप और गुरजीत की गिरफ्तारी के बाद ही तस्वीर होगी साफ
पंजाब के डीजीपी दिनकर गुप्ता का कहना है, जांच हरेक एंगल पर चल रही है। हत्या के कारण अभी पता नहीं चल पाया है। जब तक दोनों मुख्य आरोपित गिरफ्त में नहीं आते, तब तक स्पष्ट तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता। अब तक इस मामले में 14 लोगों की गिरफ्तारी होने के बावजूद पुलिस मुख्य आरोपितों तक नहीं पहुंच पाई है। गिरफ्तार आरोपित गैैंगस्टर सुख भिखारीवाल के साथी हैैं, ऐसे में पुलिस संगठित अपराध का एंगल भी तलाश कर रही है।
संगठित अपराध की संभावनाएं भी तलाश रही है पुलिस
आर्गेनाइज क्राइम ब्यूरो (ओकू) के प्रमुख एआईजी गुरमीत सिंह चौहान का कहना है, हम संगठित अपराध के एंगल से भी जांच कर रहे है। इस मामले में डीआइजी हरदयाल सिंह मान की अगुवाई में एसआइटी का गठन किया गया है। ऐसे में एसआइटी को सारी जानकारी दी जा रही है।
डीजीपी दिनकर गुप्ता ने कहा कि पुलिस इस घटना के मुख्य आरोपितों को जल्द ही गिरफ्त में ले लेगी। उनकी गिरफ्तारी के बाद हत्या के कारणों से पर्दा उठेगा। यही एक सवाल है, जिसका जवाब अभी नहीं मिल पाया है।
बता दें कि 16 अक्टूबर को तरनतारन में शौर्य चक्र विजेता और आंतकियों से लोहा लेने वाले बलविंदर सिंह संधू की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। उन्हें सुरक्षाकर्मी मिले हुए थे, जिन्हें कोरोना काल में वापस बुला लिया गया था।
गैंगस्टर सुख भिखारीवाल के करीबी सनी सहित तीन गिरफ्तार
उधर तरनतारन मेें पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य आरोपित गैंगस्टर सुख भिखारीवाल के करीबी सनी सहित तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सनी लुधियाना का रहने वाला बताया जा रहा है और उसने शूटर सुखदीप सिंह और गुरजीत सिंह को ट्रेनिंग दी थी। बदमाशों के पास से हथियार भी बरामद किए हैं। तीनों बदमाशों को शुक्रवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। एसएसपी ध्रुमन एच निंबाले का कहना है कि पकड़े गए तीनों आरोपितों की जानकारी जल्द दी जाएगी।
वहीं, पुलिस की टीमें गैंगस्टर सुख भिखारीवाला और शूटर सुखदीप व गुरजीत की तलाश फतेहगढ़ साहिब और पठानकोट में कर रही हैं। तीनों अब तक हाथ नहीं आए हैं। बलबीर हत्याकांड में अब तक गिरफ्तार किए गए 11 आरोपितों में से आठ को रिमांड खत्म होने पर वीरवार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आठों को पुलिस रिमांड को दो दिन बढ़ा दिया है।