घरों में मच्छर और लारवा मारेगी गंबूजिया फिश
सुखना फिश फार्म से निशुल्क ले सकते हैं फिश।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : घरों में मच्छर हैं तो डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारी का खतरा बना रहता है। अब इन गंभीर बीमारियों को फैलाने वाले मच्छर पनपने से पहले ही खत्म हो जाएंगे। मच्छर के साथ लारवा भी नहीं बचेगा। यह काम करेगी गंबूजिया मछली। इस मछली को घर के आर्टिफिशियल फाउंटेन और आस-पास पौंड में रख सकते हैं। इस पानी में जैसे ही मच्छर बैठेंगे या लारवा होगा, गंबूजिया इन्हें खा जाएगी। यूटी प्रशासन का एनिमल हसबेंड्री डिपार्टमेंट इस दुर्लभ प्रजाति की मछली का प्रोडक्शन कर इसे निशुल्क बांटेगा। कोई भी रेजिडेंट जिसके घर में मछली रखने के लिए फाउंटेन-पौंड जैसी उपयुक्त जगह है, वह यह मछली सुखना लेक के रेगुलेटर एंड पर बने फिश फार्म से ले सकता है। डिपार्टमेंट रेजिडेंट की जरूरत परखने के बाद उसे फिश देगा। दूसरे राज्यों को भी दी जाएगी गंबूजिया
एनिमल हस्बेंड्री डिपार्टमेंट के डायरेक्टर तेजदीप सिंह सैनी ने बताया कि गंबूजिया फिश जलीय जनित बीमारियों को रोकने में लाभकारी है। यह मच्छरों के लारवा को खा जाती है। डिपार्टमेंट इस दुर्लभ और अत्यंत लाभकारी फिश का उत्पादन कर रहा है। साथ ही इसे सुखना लेक, रोज गार्डन, सेक्टर-26 बटरफ्लाई पार्क जैसी जगहों पर छोड़ा जा रहा है। शहर के रेजिडेंट्स भी यह फिश सुखना रेगुलेटरी एंड पर बने फिश फार्म से ले सकते हैं। लोगों को निशुल्क यह फिश बांटी जाएगी। बकायदा उनके घरों या आसपास इसे पानी में छोड़ने की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। इस दुर्लभ फिश को दूसरे राज्यों को भी वितरित किया जाएगा। जिससे वह इस फिश का प्रोडक्शन कर सकें। राज्यों को भी यह फिश बिना किसी खर्च के वितरित की जाएगी।