चंडीगढ़ से घूमने गए दोस्तों के साथ मोरनी में हादसा; गहरी खाई में गिरी अर्टिगा कार, एक की मौत और चार घायल
चंडीगढ़ से मोरनी घूमने गए पांच दोस्तों की अर्टिगा कार मांदना गांव के पास गहरी खाई में जा गिरी। इस ...और पढ़ें

मांदना गांव के पास मोड़ पर संतुलन बिगड़ने पर कार गहरी खाई में गिरी। जांच करते पुलिस कर्मी।
HighLights
मोरनी से लौटते समय देर रात हुआ हादसा।
मांदना गांव के पास मोड़ पर कार का संतुलन बिगड़ा।
चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। चंडीगढ़ से मोरनी घूमने गए पांच दोस्तों के साथ बड़ा हादसा हो गया। मांदना गांव के पास उनकी अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। खाई में गिरते ही कार के परखच्चे उड़ गए और एक युवक की मौत हो गई। उसके चार अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा देर रात हुआ, जब पांचों दोस्त मोरनी से वापस घर की तरफ आ रहे थे। मांदना गांव के पास मोड़ पर अचानक कार चालक संतुलन खो बैठा और कार सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। जोरदार धमाके की आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर भागे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को खाई से निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जान गंवाने वाले युवक की पहचान चंडीगढ़ के बहलाना गांव निवासी विशाल के रूप में हुई है। सुबजीत, राहुल, शैंकी और कुवार सिंह घायल हुए हैं।
चंडीमंदिर थाना प्रभारी रामपाल ने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मृतक के शव को पंचकूला के नागरिक अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया है।
