विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोहाली में दो दिन बाद उसी रास्ते से गुजरा बालियां झपटने वाला युवक, महिला ने पोतों संग धर-दबोचा

Published: Sat, 17 Oct 2026 06:40 PM (IST)

मोहाली के गोल्डन एन्क्लेव में 73 वर्षीय महिला से सोने की बालियां झपटने वाले आरोपित को दो दिन बाद महिला ...और पढ़ें

महिला से सोने की बाली झपटने वाले युवक को पुलिस के हवाले किया। (सांकेतिक फोटो)

महिला से सोने की बाली झपटने वाले युवक को पुलिस के हवाले किया। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. गोल्डन एन्क्लेव में रास्ता पूछने के बहाने की वारदात।

  2.  73 वर्षीय महिला की सोने की बालियां झपटी थी।

  3. स्कूटर समेत पकड़े गए युवक को पुलिस के हवाले किया।



संवाद सहयोगी, जीरकपुर (मोहाली)। लोहगढ़ रोड स्थित गोल्डन एन्क्लेव में 73 वर्षीय बुजुर्ग से सोने की बालियां झपटने के आरोपित को दो दिन बाद उसी रास्ते से गुजरना महंगा पड़ा। महिला ने उसे पहचान लिया और अपने पोतों की मदद से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

आरोपित की पहचान मानसा जिले के बुढलाडा निवासी शुभम अरोड़ा के रूप में हुई है। वह फिलहाल चंडीगढ़ के सेक्टर-47सी में रह रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

अंगूरी देवी ने पुलिस को बताया कि 15 अक्टूबर को सुबह करीब साढ़े दस बजे वह दूध लेने दुकान जा रही थीं। रास्ते में स्कूटर सवार युवक ने उनसे जीरकपुर जाने का रास्ता पूछा।

महिला जब उसे रास्ता बता रही थीं, तभी युवक ने उनके कानों पर हाथ मारकर दोनों सोने की बालियां झपट लीं और स्कूटर से फरार हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे, लेकिन वह भाग चुका था।

17 अक्टूबर को अंगूरी देवी अपने पोतों के साथ दुकान जा रही थीं, तभी उन्होंने उसी युवक को स्कूटर पर देखा। पहचानने के बाद उन्होंने पोतों को बताया। परिवार ने युवक को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम शुभम अरोड़ा बताया। स्वजन उसे स्कूटर समेत जीरकपुर थाने ले गए और पुलिस के हवाले कर दिया।