विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोहाली में शादी डॉट कॉम पर बंधन में बंधे, इंस्टाग्राम पर बने दुश्मन, पति को बदनाम करने की साजिश में पत्नी पर FIR

Published: Fri, 09 Oct 2026 12:31 PM (IST)

मोहाली में पति को फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर बदनाम करने के आरोप में पत्नी के खिलाफ केस दर्ज किया गया ...और पढ़ें

इंस्टाग्राम के जरिये पति को बदमाश करने के आरोप में पत्नी के खिलाफ एफआईआर। (सांकेतिक फोटो)

इंस्टाग्राम के जरिये पति को बदमाश करने के आरोप में पत्नी के खिलाफ एफआईआर। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. शादी डॉट कॉम के जरिये बंधन में बंधे, इंस्टाग्राम से बने दुश्मन।

  2. फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से जुड़े नंबर पत्नी के नाम पर।

  3. एसएसपी की मंजूरी के बाद साइबर थाने में कार्रवाई।

जागरण संवाददाता, मोहाली। शादी डॉट कॉम के जरिये बंधन में बंधे। शादीशुदा जीवन में विवाद के बाद पति के नाम से फर्जी इंटाग्राम आईडी बनाकर बदनाम करने की साजिश रची। शिकायत मिलने पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने पत्नी के खिलाफ केस दर्ज किया है।

पुलिस जांच में पति के नाम से बनाई गई तीन कथित फर्जी आईडी के मेटा रिकाॅर्ड में ऐसे मोबाइल नंबर और ईमेल मिले, जो पत्नी के नाम पर पंजीकृत हैं। जांच के आधार पर आईटी एक्ट की धारा 66सी के तहत केस दर्ज किया गया।

फेज-10 निवासी जस्मीत सिंह बत्तरा ने एनसीसीआरपी पोर्टल पर चार ऑनलाइन शिकायतें दी थीं। उनका आरोप था कि पत्नी प्रेमजीत कौर ने उनके नाम से जसजीतबत्रा30, जसजीत7739, जसजीत बत्रा 420 और जसजीत बत्रा नाम की इंस्टग्राम आईडी बनाकर उन्हें समाज में बदनाम करने का प्रयास किया।

शिकायत की जांच साइबर क्राइम थाना एसएएस नगर के इंस्पेक्टर गौरव बैंस सिंह ने की। पुलिस ने इंस्टाग्राम आईडी का रिकाॅर्ड मेटा से हासिल किया। एक आईडी से मोबाइल नंबर 8198024354 और ईमेल आईडी जुड़ी मिली, जबकि दूसरी आईडी के रिकाॅर्ड में एक अन्य मोबाइल नंबर सामने आया।

पुलिस के मुताबिक, दोनों मोबाइल नंबर प्रेमजीत कौर के नाम पर पंजीकृत हैं। जांच में शामिल प्रेमजीत कौर ने माना कि दोनों मोबाइल नंबर उसके नाम पर हैं, लेकिन अब उसके पास नहीं हैं। उसने कहा कि उसे नहीं पता कि फिलहाल इनका इस्तेमाल कौन कर रहा है। उसने फर्जी आईडी बनाने और पति को बदनाम करने के आरोपों से इनकार किया।

पुलिस जांच में फेज-7, मोहाली निवासी दीपशिखा की शिकायत भी सामने आई। उसने बताया था कि उसके नाम से दीपगुरूंग01 नाम की फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई गई और इससे परिचितों व रिश्तेदारों को रिक्वेस्ट भेजने के साथ चैट की गई।

इसी आईडी से जस्मीत सिंह को मैसेज भेजकर उनके दर्ज मुकदमे में गिरफ्तार लोगों के बारे में पूछा गया था। इस आईडी से जुड़ा मोबाइल नंबर भी प्रेमजीत कौर के नाम पर पंजीकृत मिला। शिकायत के बाद इंस्टाग्राम ने आईडी बंद कर दी थी।

पुलिस के मुताबिक, जस्मीत सिंह और प्रेमजीत कौर की शादी अगस्त 2020 में शादी डाॅट काम के माध्यम से हुई थी। करीब छह महीने बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ और जस्मीत अलग किराये के मकान में रहने लगे।

कोर्ट में तलाक का केस किया दायर

प्रेमजीत ने 30 मार्च 2023 को जालंधर के महिला थाने में जस्मीत के खिलाफ धारा 498ए आईपीसी के तहत केस दर्ज करवाया था। दोनों पक्षों की एक-दूसरे के खिलाफ शिकायतें और केस चल रहे हैं। जस्मीत ने मोहाली अदालत में तलाक का केस भी दायर किया है।

जांच अधिकारी ने तकनीकी रिकार्ड और बयानों के आधार पर रिपोर्ट साइबर थाना प्रभारी की सहमति के बाद एसएसपी मोहाली को भेजी। एसएसपी की मंजूरी के बाद साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज किया गया।