विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोहाली में लगा भयंकर जाम, दिल्ली-जम्मू समेत कई राज्यों के वाहन फंसे; धरना समाप्त होने पर मिली राहत

Published: Fri, 23 Oct 2026 07:59 PM (IST)

मोहाली में पंजाब रोडवेज कर्मियों के धरने के कारण भीषण जाम लग गया, जिससे चंडीगढ़ की ओर जाने वाले रास्ते ...और पढ़ें

मोहाली में शाम के समय जाम में फंसे वाहन।  फोटो: संजय घिल्डियाल

मोहाली में शाम के समय जाम में फंसे वाहन। फोटो: संजय घिल्डियाल

HighLights

  1. रोडवेज कर्मचारियों का रात 8 बजे धरना समाप्त।

  2. वाहन चालकों के लिए राहतभरी खबर।

  3. कल पंजाब के वित्त मंत्री के साथ होगी बैठक।

जागरण संवाददाता, मोहाली। पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी के काॅन्ट्रेक्ट वर्कर्स मांगों को लेकर वेरका प्लांट के पास फेज-6 बस स्टैंड पर धरने पर बैठे हैं। विधानसभा और मुख्यमंत्री भगवंत मान की कोठी की ओर कूच रोकने के लिए मोहाली और चंडीगढ़ पुलिस ने फेज-6 चौक के पास नाकाबंदी कर रास्ता बंद कर दिया गया था।

इस दौरान आम वाहनों को चंडीगढ़ की तरफ जाने से रोका गया। इससे मोहाली में शाम के समय भयंकर जाम लग गया। जाम में ट्राईसिटी और पंजाब के वाहन ही नहीं, बल्कि जम्मू, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली के वाहन भी फंसे रहे। दो घंटे से ज्यादा समय तक परेशानी झेलनी पड़ी।

इसी बीच पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की कारों का काफिले के लिए पुलिसकर्मियों ने बैरिकेडिंग हटाकर उसे चंडीगढ़ की तरफ रवाना करवाया।

राहत की बात यह रही कि रात करीब 8 बजे कर्मचारियों ने धरना समाप्त कर दिया। यूनियन नेताओं ने घोषणा की कि कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल की शनिवार को पटियाला के सर्किट हाउस में पंजाब के वित्त मंत्री और अन्य सरकारी प्रतिनिधियों के साथ बैठक होगी।

सरकार के साथ प्रस्तावित बैठक के मद्देनजर कर्मचारियों ने अपना प्रदर्शन समाप्त करने का फैसला लिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांतिपूर्वक धरनास्थल से उठकर चले गए।