विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोहाली में हर 53 सेकंड में टूट रहा ट्रैफिक रूल, मोबाइल पर पहुंच रहा चालान, जहां सबसे ज्यादा उल्लंघन वहां बढ़ेगी निगरानी

Published: Sat, 08 Aug 2026 04:58 PM (IST)

मोहाली में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अब 105 नए हाईटेक कैमरों से 24 घंटे कड़ी निगरानी रखी ...और पढ़ें

पंजाब पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन ने कैमरे लगाने की प्रक्रिया शुरू की।

पंजाब पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन ने कैमरे लगाने की प्रक्रिया शुरू की।

HighLights

  1. मोहाली में 105 नए हाईटेक कैमरे जल्द लगेंगे।

  2. पांच प्रमुख जंक्शनों पर 24 घंटे निगरानी होगी।

  3. ट्रैफिक नियम तोड़ने पर स्वतः ई-चालान जारी होगा।

संदीप खत्री, मोहाली। मोहाली में हर 53 सेकंड में ट्रैफिक रूल टूट रहा है और मोबाइल फोन पर चालान पहुंच रहा है। यह सख्ती और बढ़ने वाली है, क्योंकि सबसे अधिक उल्लंघन वाले जंक्शनों पर भी जल्द ही सीसीटीवी कैमरे लग जाएंगे।

एसपी ट्रैफिक नवनीत सिंह माहल का कहना है कि शहर के 24 प्रमुख जंक्शनों पर पहले से लगे इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) कैमरों के बाद अब पांच और जंक्शनों पर 105 नए हाईटेक कैमरे लगाए जाएंगे।

ट्रैफिक पुलिस ने सर्वे के बाद ऐसे स्थानों की पहचान की है, जहां सबसे अधिक ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन होता है। खासकर रात के समय ओवरस्पीडिंग, ट्रिपल राइडिंग, रेड लाइट जंप और बिना हेलमेट जैसे मामलों को देखते हुए इन स्थानों का चयन किया गया है। यहां गंभीर सड़क हादसे भी हो रहे थे।

इन जंक्शनों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का जिम्मा पंजाब पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन को दिया गया है। पोल लगाने का काम पूरा हो चुका है और अब जल्द कैमरों की स्थापना शुरू होगी।

नए कैमरे लगने के बाद इन जंक्शनों पर 24 घंटे निगरानी रहेगी। कोई ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करेगा तो कैमरे उसकी तस्वीर और वीडियो रिकॉर्ड करेंगे। इसके बाद स्वतः ई-चालान जारी होगा और उसकी सूचना वाहन मालिक के मोबाइल पर भेज दी जाएगी।

13 महीनों में 6,47,398 ऑनलाइन चालान

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार कैमरा आधारित निगरानी का असर पहले ही दिखाई देने लगा है। पिछले करीब 13 महीनों में आईटीएमएस कैमरों के माध्यम से 6,47,398 ऑनलाइन ई-चालान किए गए। इस अवधि में 11 करोड़ 67 लाख 10 हजार 500 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए।

हर महीने 89.77 लाख जुर्माना

आंकड़ों के अनुसार कैमरों के जरिए हर महीने औसतन 49,800, हर दिन 1,600, हर घंटे 68 और लगभग हर 53 सेकेंड में एक ई-चालान जारी हुआ। वहीं हर महीने औसतन 89.77 लाख रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए।

इन पांच जंक्शनों पर लगेंगे सीसीटीवी

स्थान आईआर एचडी बुलेट कैमरे एएनपीआर कैमरे आरएलवीडी कैमरे कुल
छत लाइट, एयरपोर्ट रोड 12 17 4 33
मोहाली सिटी सेंटर लाइट्स, एयरपोर्ट रोड 10 14 4 28
पीसीए स्टेडियम लाइट्स, फेज-10 5 11 4 20
जगतपुरा टी-प्वाइंट, चंडीगढ़ रोड एंट्री/एग्जिट 6 9 3 18
चर्च गेट, फेज-3ए (खालसा कॉलेज के सामने) 2 4 0 6
कुल 35 55 15 105

 

13 महीने में सबसे ज्यादा इन नियमों का उल्लंघन

  • बिना हेलमेट चालक : 2,86,324
  • बिना हेलमेट पिलियन राइडर : 1,70,295
  • ओवरस्पीडिंग : 93,635
  • रेड लाइट जंप : 66,511
  • ट्रिपल राइडिंग : 16,251
  • ट्रैफिक संकेतों की अवहेलना : 8,795
  • स्टॉप लाइन उल्लंघन : 5,478