दूसरे राज्यों से युवतियों को लाकर करा रहे थे गंदा काम, मोहाली में धरे गए स्पा सेँटर चलाने वाले दो युवक
मोहाली सेक्टर-79 स्थित फेमिली ट्री स्पा सेंटर में पुलिस ने छापा मारा। मौके से पांच युवतियों को रेस्क्यू किया और दो संचालकों संदीप व दीपक को गिरफ्तार कर लिया।

सेक्टर-79 स्थित फेमिली ट्री स्पा सेंटर से पांच युवतियों को किया गया रेस्क्यू। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
फेमिली ट्री स्पा सेंटर पर पुलिस का छापा।
पांच युवतियों को रेस्क्यू कर किया गया।
पुलिस ने स्पा सेंटर किया सील, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, मोहाली। स्पा सेंटर की आड़ में अनैतिक गतिविधियों की सूचना पर थाना सोहाना पुलिस ने सेक्टर-79 स्थित फेमिली ट्री स्पा सेंटर में छापेमारी की। पुलिस ने मौके से पांच युवतियों को रेस्क्यू किया, जबकि सेंटर संचालक संदीप और दीपक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ इमोरल ट्रैफिक (प्रिवेंशन) एक्ट की धाराओं 3, 4 और 5 के तहत केस दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद स्पा सेंटर को सील कर दिया गया। थाना सोहाना के एसएचओ गगनदीप सिंह के मुताबिक पुलिस को सेंटर में अनैतिक गतिविधियां चलाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी।
इसके आधार पर पुलिस टीम ने सेंटर पर दबिश दी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि यहां काम करने वाली युवतियों में कुछ को दूसरे राज्यों से रोजगार और अच्छी कमाई का झांसा देकर मोहाली लाया गया था। पुलिस के मुताबिक स्पा सेवाओं की आड़ में वहां सेक्स रैकेट चलाया जा रहा था।
परिजनों से संपर्क कर युवतियों को सौंपा
पुलिस ने रेस्क्यू की गई पांचों युवतियों के परिवारों से संपर्क किया और उन्हें परिजनों के हवाले कर दिया। गिरफ्तार दोनों संचालकों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सेंटर से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि दूसरे राज्यों से युवतियों को मोहाली लाने के पीछे कौन लोग सक्रिय थे।
