मोहाली पुलिस ने दबोचे लॉरेंस गैंग के तीन शूटर, रंगदारी के लिए बिल्डर के घर पर फायरिंग कर हुए थे फरार
मोहाली पुलिस ने जीरकपुर के बलटाना में बिल्डर के घर के बाहर फायरिंग मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के तीन ...और पढ़ें
HighLights
मोहाली पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के तीन शूटर दबोचे।
जीरकपुर में बिल्डर के घर के बाहर फायरिंग की थी।
रंगदारी मांगने के लिए वारदात को अंजाम दिया गया।
जागरण संवाददाता, मोहाली। जीरकपुर के बलटाना में बिल्डर के घर के बाहर फायरिंग मामले में मोहाली पुलिस ने लारेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े तीन शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चार दिन के भीतर वारदात को ट्रेस करते हुए आरोपितों से एक आधुनिक 9 एमएम पिस्टल, वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार और मोबाइल फोन बरामद किया है।
मोबाइल फोन का इस्तेमाल वारदात के दौरान घर के बाहर हुई फायरिंग का लाइव वीडियो बनाने के लिए किया गया था। इंस्पेक्टर प्रदीप बाजवा के नेतृत्व में चार दिन में वारदात को सुलझा लिया गया।
एसएसपी मोहाली वरुण शर्मा ने बताया कि 14 अक्टूबर की रात करीब 2:17 बजे स्विफ्ट कार सवार बदमाशों ने बलटाना निवासी राम कुमार के घर के बाहर करीब आठ राउंड फायर किए थे। राम कुमार प्राॅपर्टी कारोबार से जुड़े हैं।
वारदात के बाद उन्हें अर्श पंडित की ओर से लारेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर रंगदारी को लेकर धमकी भरी काॅल भी की गई थी। इस मामले में जीरकपुर थाने में केस दर्ज किया गया था। वारदात को सुलझाने के लिए सीआईए स्टाफ खरड़ और ऑपरेशन सेल मोहाली की टीमें गठित की गई थीं। पुलिस टीमों ने आपसी तालमेल से कार्रवाई करते हुए तीन शूटरों को गिरफ्तार कर लिया।
जालंधर के रहने वाले हैं तीनों आरोपित
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान 32 वर्षीय गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी, 21 वर्षीय मनराज सिंह उर्फ मन्ना और 18 वर्षीय राजवीर सिंह के रूप में हुई है। तीनों जालंधर जिले के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, गुरप्रीत पेशे से ड्राइवर है, जबकि मनराज हाल ही में कनाडा से लौटा है। राजवीर फिलहाल कोई काम नहीं करता। पुलिस के मुताबिक, तीनों के खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।
पुलिस अब आरोपितों के गैंग से संबंधों, फायरिंग में उनकी भूमिका और वारदात में शामिल अन्य लोगों के बारे में जांच कर रही है।
