विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोहाली के फेज-5 में सूखी झाड़ियों में लगी आग, स्वराज ट्रैक्टर फैक्टरी पर मंडराया खतरा; मौके पर दमकल की कई गाड़ियां

By Lakhwant SinghEdited By: Prince Sharma
Published: Thu, 01 Oct 2026 09:39 AM (IST)

मोहाली के फेज-5 में किसान मंडी के पास सूखी झाड़ियों और कचरे में भीषण आग लग गई, जिससे पास की स्वराज ट्रैक्टर फैक्टरी को खतरा पैदा हो गया।

HighLights

  1. फेज-5 मोहाली में सूखी झाड़ियों और कचरे में लगी आग।

  2. स्वराज ट्रैक्टर फैक्टरी को आग से बड़ा खतरा हुआ।

  3. फायर ब्रिगेड आग बुझाने में लगातार जुटी हुई है।

लखवंत सिंह, मोहाली। फेज-5 में किसान मंडी के पास गुरुवार सुबह करीब सात बजे सूखी झाड़ियों और कचरे में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और धुएं का गुबार आसपास फैल गया। आग की लपटों के पास ही स्वराज ट्रैक्टर फैक्टरी स्थित होने के कारण बड़ा हादसा होने का खतरा पैदा हो गया था।

आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। फायर अफसर लखविंदर सिंह ने बताया कि यदि हवा का रुख फैक्टरी की तरफ होता तो ट्रैक्टर फैक्टरी को नुकसान पहुंच सकता था। मौके पर पहुंचे सीनियर डिप्टी मेयर आर.पी. शर्मा ने आग बुझाने वाले कर्मचारियों को आवश्यक हिदायतें दीं।

आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन किसी शरारती तत्व द्वारा आग लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है। जिस जगह आग लगी, वहां नगर निगम द्वारा शहर से एकत्रित सूखी झाड़ियां और कचरा डाला जाता है।

इसी स्थान पर सोमवार और शुक्रवार को किसानों की ओर से सब्जी मंडी भी लगाई जाती है। घटना में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ, हालांकि आग से उठे धुएं के कारण आसपास के लोगों को काफी परेशानी हुई। समाचार लिखे जाने तक आग बुझाने का काम जारी था।