मोहाली में फैक्ट्री में नाबालिग से दरिंदगी, यौन शोषण, मारपीट और केमिकल पिलाने का आरोप; तीन गिरफ्तार
जीरकपुर के बलटाना में एक फैक्ट्री में 15 वर्षीय नाबालिग से यौन शोषण, मारपीट और जबरन केमिकल पिलाने का गंभीर ...और पढ़ें

बलटाना क्षेत्र में एक फैक्ट्री में काम करने वाली 15 वर्षीय नाबालिग से दरिंदगी। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
बलटाना फैक्ट्री में नाबालिग से यौन शोषण और मारपीट।
पीड़िता को जबरन केमिकल पिलाने का गंभीर आरोप।
पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया।
संवाद सहयोगी, जीरकपुर (मोहाली)। बलटाना क्षेत्र में एक फैक्ट्री में काम करने वाली 15 वर्षीय नाबालिग से कथित यौन शोषण, मारपीट और जबरन केमिकल पिलाने का गंभीर मामला सामने आया है। नाबालिग के बयान पर पुलिस ने ज्ञानी, आर्यन, विशाल, साहिल और अरविंद के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है।
मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। दो अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस को दिए बयान में पीड़िता ने आरोप लगाया कि कंपनी में काम करने वाले ज्ञानी ने उसे बहला-फुसलाकर कई बार उसका यौन शोषण किया। जब उसने इस बारे में परिवार को बताने की बात कही तो कथित तौर पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता के अनुसार 21 अगस्त की रात करीब साढ़े दस बजे वह गोदाम में काम कर रही थी।
इसी दौरान ज्ञानी वहां पहुंचा और कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि उसका गला दबाने का प्रयास करते जबरदस्ती की। आर्यन, साहिल, अरविंद और विशाल भी वहां मौजूद थे। पीड़िता ने वहां से निकलने की कोशिश की तो आरोपितों ने उसे रोक लिया।
शिकायत के मुताबिक अरविंद ने एक बोतल में रखा केमिकल ज्ञानी को दिया। आरोप है कि नाबालिग के इनकार करने पर उसे जबरन केमिकल पिला दिया गया। इसके बाद उसके पेट में तेज जलन हुई और वह बेहोश हो गई। होश आने पर उसने खुद को अस्पताल में पाया।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद भी कथित तौर पर उसे और उसके परिवार को डराने का प्रयास किया गया। आरोप है कि पैसे देकर मामला दबाने की कोशिश भी हुई। परिवार काफी समय तक भय के कारण शिकायत नहीं कर पाया। बाद में नाबालिग ने पुलिस के समक्ष बयान दर्ज करवाकर कार्रवाई की मांग की।
नाबालिग ने अपने बयान में फैक्ट्री मालिक पर भी आरोपितों का साथ देने का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक फैक्ट्री मालिक की भूमिका की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दो आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए दबिश
जांच अधिकारी एसआई मेजर सिंह ने बताया कि मामले में तीन आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अदालत से उनका दो दिन का पुलिस रिमांड मिला है। शेष दो आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस कार्रवाई के अनुसार आरोपितों के खिलाफ धारा 65(1), 109, 351(3), 126(2), 123, 61(2), 3(5) तथा पोक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत कार्रवाई की गई है।
