विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोहाली में लिफ्ट मांग कार में बैठी महिला, दो युवक भी घुसे; ड्राइवर को बंधक बना रुपये और ब्रेजा लेकर फरार

Published: Tue, 29 Sep 2026 08:29 PM (IST)

ज़ीरकपुर में एक ड्राइवर को लिफ्ट देना महंगा पड़ गया। एक महिला और दो युवकों ने उसे बंधक बनाकर 27 हजार रुपये और उसकी ब्रेजा कार लूट ली।

मोहाली के जीरकपुर में हुई वारदात। (एआई जनरेटेड फोटो)

मोहाली के जीरकपुर में हुई वारदात। (एआई जनरेटेड फोटो)

HighLights

  1. छेड़छाड़ का आरोप लगाकर दुष्कर्म के केस की धमकी दी। 

  2. लोहगढ़ ट्रैफिक लाइट पर देर रात मांगी लिफ्ट।

  3. जेब से 7 हजार निकाले, गूगल पे से 20 हजार ट्रांसफर।

संवाद सहयोगी, जीरकपुर (मोहाली)। जीरकपुर में लोहगढ़ ट्रैफिक लाइट पर देर रात एक महिला को लिफ्ट देना रायपुररानी निवासी अनिल कुमार को भारी पड़ गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि महिला को कार में बैठाने के कुछ देर बाद दो युवक भी उसकी ब्रेजा में घुस आए।

इसके बाद उसे बंधक बनाकर मारपीट की गई और छेड़छाड़ का आरोप लगाकर पैसे मांगे गए। आरोपितों ने उसकी जेब से सात हजार रुपये निकालने के साथ गूगल पे के जरिये 20 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। बाद में उसे पटियाला चौक के पास कार से उतारकर आरोपित उसकी ब्रेजा लेकर अंबाला की ओर फरार हो गए।

पुलिस को दिए बयान में अनिल कुमार ने बताया कि 28 सितंबर रात करीब साढ़े दस बजे वह अपनी सिल्वर रंग की ब्रेजा कार से लोहगढ़ ट्रैफिक लाइट पर पहुंचा था।

वहां मिली एक महिला ने अपना नाम प्रीतम कौर उर्फ गुरप्रीत कौर बताते हुए कहा कि उसका इस दुनिया में कोई नहीं है और उसे सिग्मा चौक तक छोड़ दिया जाए। उसकी बात सुनकर अनिल ने महिला को कार में बैठा लिया।

शिकायत के अनुसार रास्ते में महिला ने कुछ खाने की बात कही। अनिल ने नरूला बेकरी के पास से उसके लिए खाने-पीने का सामान लिया। इसके बाद वह उसे सिग्मा सिटी चौक की तरफ छोड़ने जा रहा था कि अचानक दो युवक कार की पिछली सीट पर आकर बैठ गए।

अनिल का आरोप है कि एक युवक ने उससे पूछा कि वह उसकी पत्नी को कहां लेकर जा रहा है और इसके बाद दोनों ने गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी। एक युवक ने उसकी गर्दन पकड़कर पीछे खींच लिया, जबकि दूसरा ड्राइविंग सीट पर बैठ गया और कार राजपुरा की तरफ ले गया।

शिकायतकर्ता के मुताबिक आरोपितों ने उस पर महिला से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए पैसे मांगे और उसकी जेब से सात हजार रुपये निकाल लिए। आरोप है कि महिला ने उसका मोबाइल लेकर गूगल पे का पासवर्ड मांगा।

पासवर्ड देने से मना करने पर उसे दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई। डर के कारण उसने पासवर्ड बता दिया, जिसके बाद उसके खाते से 20 हजार रुपये एक मोबाइल नंबर पर ट्रांसफर कर दिए गए।

आरोप है कि रकम लेने के बाद भी उसे नहीं छोड़ा गया और जान से मारने की धमकी देते हुए कार में घुमाया गया। बाद में उसे जीरकपुर के पटियाला चौक के पास नीचे उतार दिया गया और आरोपित उसकी ब्रेजा लेकर अंबाला की तरफ फरार हो गए।

पुलिस ने बयान के आधार पर प्रीतम कौर उर्फ गुरप्रीत कौर, खान, स्नेहा, लवली शर्मा और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बीएनएस की धारा 140(3), 308(7), 309, 296 और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।