विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भैंस की 55 हजार लगी कीमत, फेसबुक पर सौदा, बैंक अकाउंट से उड़ गए 1.06 लाख; मोहाली में FIR

Published: Sat, 03 Oct 2026 07:16 PM (IST)

मोहाली में एक पशुपालक ऑनलाइन भैंस खरीदने के चक्कर में साइबर ठगी का शिकार हो गया। ठगों ने फेसबुक पेज ...और पढ़ें

1,00,061 रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कराए। (सांकेतिक फोटो)

1,00,061 रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कराए। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. पशुपालक ऑनलाइन भैंस खरीदने के झांसे में आया।

  2. फेसबुक पेज 'लक्ष्मी नारायण डेयरी' के जरिए हुई ठगी।

  3. ठगों ने 1 लाख से अधिक की रकम खातों में ट्रांसफर करवाई।

जागरण संवाददाता, मोहाली। फेसबुक पर सस्ती भैंस खरीदने का लालच कुरड़ी के पशुपालक को महंगा पड़ गया। 55 हजार रुपये में भैंस का सौदा तय कर ठगों ने उससे 1,00,061 रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिए। रकम मिलने के बाद आरोपियों ने मोबाइल बंद कर दिए और भैंस भी नहीं पहुंचाई। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में कुरड़ी निवासी हरमेश सिंह ने बताया कि वह भैंस व अन्य पशु पालकर दूध बेचता है। पांच सितंबर को फेसबुक पर लक्ष्मी नारायण डेयरी नाम के पेज से संपर्क हुआ। पेज से जुड़े लोगों ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उससे बातचीत की और 55 हजार रुपये में भैंस देने का सौदा तय किया।

आरोपियों ने आनलाइन भुगतान के बाद भैंस भेजने का भरोसा दिया। इसके बाद उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक, बैंक आफ महाराष्ट्र और फिनो पेमेंट बैंक के अलग-अलग खातों की जानकारी भेजकर कई बार रकम जमा करवाई। आरोपियों ने यह भी कहा कि भैंस की कीमत से ज्यादा जमा हुई रकम भैंस पहुंचाते समय वापस कर दी जाएगी। भरोसे में आकर हरमेश ने कुल 1,00,061 रुपये ट्रांसफर कर दिए।

9 सितंबर को बंद हो गए फोन

हरमेश के मुताबिक नौ सितंबर को आरोपियों ने अचानक मोबाइल फोन बंद कर दिए। बार-बार संपर्क का प्रयास किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसे साइबर ठगी का पता चला। उसने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की। शिकायत नंबर 32509260035737 है।

जांच अधिकारी इंस्पेक्टर गौरव बंस सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 318(4) और आइटी एक्ट की धारा 66 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और फेसबुक आइडी संचालकों की पहचान के साथ रकम के लेनदेन की कड़ियां खंगाल रही है।