चंडीगढ़ में दिखेगा हॉकी का रोमांच, 23 से 29 सितंबर तक मुकाबले; देश की टॉप आठ टीमें लेंगी हिस्सा
चंडीगढ़ में 23 से 29 सितंबर तक मोहाली गोल्ड कप ऑल इंडिया सीनियर मेंस हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन होगा, जिसमें ...और पढ़ें

सेक्टर-42 स्थित हॉकी टर्फ पर 23 से 29 सितंबर तक होंगे मैच। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
23 से 29 सितंबर तक चलेगा मोहाली गोल्ड कप हॉकी टूर्नामेंट।
सेक्टर-42 हॉकी टर्फ पर देश की शीर्ष आठ टीमें खेलेंगी।
कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दिखाएंगे अपना शानदार खेल कौशल।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ में 23 से 29 सितंबर तक हॉकी का रोमांच दिखेगा। सेक्टर-42 स्थित हॉकी टर्फ पर देश की टॉप आठ टीमों के खिलाड़ी दमखम दिखाएंगे।
मोहाली हॉकी एसोसिएशन की ओर से मोहाली गोल्ड कप ऑल इंडिया सीनियर मेंस हॉकी टूर्नामेंट कराया जाएगा। एसोसिएशन के अध्यक्ष ठाकुर ओंकार सिंह और सचिव कुलवंत राय सहोता ने बताया कि टूर्नामेंट लीग आधार पर खेला जाएगा।
आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा। इसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले होंगे। इन दोनों मुकाबलों को फ्लड लाइट में कराने की योजना है। टूर्नामेंट में रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला, एफसीआई दिल्ली, एजी क्लब चंडीगढ़, बीपीसीएल, ओएनजीसी, बीएसएफ जालंधर, पश्चिम रेलवे और पंजाब एंड सिंध बैंक की टीमें हिस्सा लेंगी।
टूर्नामेंट को हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त है और मुकाबले हॉकी इंडिया की गाइडलाइन के अनुसार आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए हॉकी इंडिया की ओर से 14 सदस्यीय रेफरी एवं तकनीकी दल मौजूद रहेगा।
मोहाली का हॉकी टर्फ एशियन हॉकी के आयोजन के लिए नवीनीकरण के दौर से गुजर रहा है, इसलिए इस बार मुकाबले सेक्टर-42 के हॉकी टर्फ में आयोजित किए जा रहे हैं।
कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दिखाएंगे दम
आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट में कई मौजूदा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी खेलते नजर आएंगे। इसके अलावा कई पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएंगे।
टूर्नामेंट में विजेता और अन्य टीमों के लिए पुरस्कार राशि भी रखी गई है, जिसकी घोषणा 23 सितंबर को उद्घाटन समारोह के दौरान की जाएगी। दर्शक मुकाबलों का सीधा प्रसारण फेसबुक और यूट्यूब पर भी देख सकेंगे।
