विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोहाली में तेज रफ्तार फाॅर्च्यूनर ने बाइक सवार को मारी टक्कर, 50 मीटर तक घसीटा; अस्पताल में तोड़ा दम

Published: Sun, 25 Oct 2026 07:39 PM (IST)

मोहाली में कुंभड़ा चौक के पास एक तेज रफ्तार फाॅर्च्यूनर ने बाइक सवार संदीप कुमार को टक्कर मार दी, जिससे ...और पढ़ें

सेक्टर-68 और 69 लाइट प्वॉइंट के पास हादसा। (एआई जनरेटेड इमेज)

सेक्टर-68 और 69 लाइट प्वॉइंट के पास हादसा। (एआई जनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. मोहाली में फार्च्यूनर ने बाइक सवार को मारी टक्कर।

  2. बाइक सवार संदीप कुमार की अस्पताल में मौत।

  3. चालक कार छोड़कर मौके से हुआ फरार।


जागरण संवाददाता, मोहाली। सेक्टर-68 और 69 लाइट प्वॉइंट के पास तेज रफ्तार फाॅर्च्यूनर गाड़ी की चपेट में आने से बाइक सवार संदीप कुमार की मौत हो गई। टक्कर के बाद बाइक कार में फंस गई और चालक उसे करीब 50 से 60 मीटर तक घसीटता ले गया।

हादसे में संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीर उसे फोर्टिस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसने दम तोड दिया। हादसे के बाद फाॅर्च्यूनर चालक कार मौके पर छोडकर फरार हो गया। थाना फेज-8 पुलिस ने चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

पीछे दूसरी बाइक पर आ रहा था भाई

पुलिस को दिए बयान में मनजीत सिंह निवासी रायपुर खुर्द, चंडीगढ ने बताया कि 22 अक्तूबर की रात करीब तीन से साढे तीन बजे उसका भाई संदीप मोटरसाइकिल से सेक्टर-68 की तरफ से बुड़ैल जेल रोड की ओर जा रहा था।

वह अपने दोस्त प्रदीप के साथ दूसरी बाइक पर संदीप के पीछे चल रहा था। इसी दौरान सेक्टर-68 और 69 के लाइट प्वॉइंट के पास कुंभडा चौक की तरफ से आई सफेद रंग की फाॅर्च्यूनर गाड़ी ने संदीप की बाइक को टक्कर मार दी।

बाइक में फंसा रहा पैर, कार का अगला हिस्सा टूटा

टक्कर के बाद संदीप की बाइक फार्च्यूनर में फंस गई। कार उसे बाइक समेत करीब 50 से 60 मीटर तक घसीटती चली गई। हादसे में संदीप के शरीर के दाहिने हिस्से पर गंभीर चोटें आईं और उसका पैर बाइक में फंस गया।

बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि टक्कर लगने से फाॅर्च्यूनर का अगला हिस्सा भी टूट गया। मनजीत के अनुसार, कार चालक नीचे उतरा था। संदीप की हालत गंभीर देखकर वह मौके से भाग गया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि सामने आने पर वह कार चालक की पहचान कर सकता है।

अस्पताल से लौटने पर मिली भाई की मौत की सूचना

हादसे के बाद राहगीर घायल संदीप को फोर्टिस अस्पताल, मोहाली ले गए। मनजीत ने बताया कि वह अस्पताल के खर्च का इंतजाम करने के लिए घर गया था। जब वह वापस अस्पताल पहुंचा तो उसे भाई की मौत होने की जानकारी मिली। पुलिस ने फाॅर्च्यूनर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। फरार चालक की पहचान करने में जुटी है।