मोहाली में कारोबारियों के घर पर फायरिंग के लिए कहां से आए हथियार? गैंगस्टर काली के रिश्तेदार से होगी पूछताछ
मोहाली में कारोबारियों के घरों पर हुई फायरिंग के लिए हथियारों की सप्लाई का पता लगाने के लिए खरड़ सीआईए ...और पढ़ें

गैंगस्टर काली के रिश्तेदार को पटियाला सीआईए ने गिरफ्तार किया था।
HighLights
खरड़ सीआईए ने सिमरदीप को प्रोडक्शन वारंट पर लिया।
मोहाली फायरिंग केस में हथियारों के स्रोत की जांच जारी।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कुलवीर सिद्धू का नाम आया।
संदीप खत्री, मोहाली। मोहाली में तीन कारोबारियों के घरों पर फायरिंग के लिए हथियार कहां से आए, यह पता लगाने के लिए खरड़ सीआईए सोमवार को लाॅरेंस बिश्नोई के साथी गैंगस्टर काली के रिश्तेदार सिमरदीप सिंह उर्फ जशन को पटियाला जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई।
सिमरदीप को पटियाला सीआईए ने खरड़ सीआईए के इनपुट पर गिरफ्तार किया था। उससे दो जिगाना पिस्टल और 8 कारतूस बरामद हुए थे। पुलिस के अनुसार सिमरदीप तीनों फायरिंग की वारदातों में शामिल रहा है। खरड़ सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर प्रदीप बाजवा आरोपितों से पूरे नेटवर्क और हथियारों की सप्लाई को लेकर पूछताछ कर रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार लाॅरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े विदेश में बैठे कुलवीर सिंह सिद्धू के कहने पर कारोबारियों के घरों पर फायरिंग करवाई गई थी। कुलवीर बुडैल जेल में बंद रविंदर सिंह उर्फ काली के संपर्क में था।
आरोप है कि काली ने ही शूटरों को बाइक, हथियार और अन्य मदद मुहैया करवाई थी। काली को भी इस मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार बुडैल जेल में रहते हुए काली मोबाइल के जरिये नेटवर्क के संपर्क में था।
कारोबारियों के घर फायरिंग केस में अब तक आकाशदीप, परवीन कुमार उर्फ कालू, जसमनदीप सिंह, दुष्यंत शर्मा उर्फ शम्मी, गैंगस्टर काली, मंजीत सिंह उर्फ मनु और संजीव उर्फ संजय की भी गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस आरोपितों को आमने-सामने बैठाकर फायरिंग की वारदातों, कुलवीर सिंह सिद्धू से संपर्क और हथियारों की सप्लाई को लेकर सवाल कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि शूटरों तक हथियार और बाइक किसने और किसके जरिए पहुंचाए थे। पुलिस ने रविवार को मंजीत और संजीव को गिरफ्तार किया था।
