विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोहाली में कारोबारी के घर पर फायरिंग केस का आरोपित पुलिस मुठभेड़ में बच निकला, हाथ और पेट में लगी गोली

Published: Sun, 13 Sep 2026 01:00 PM (IST)

मोहाली में कारोबारी के घर के बाहर फायरिंग के आरोपित मनीष को चंडीगढ़ के पेट्रोल पंप पर पुलिस ने घेरा। ...और पढ़ें

सेक्टर-52 स्थित पेट्रोल पंप पर हुई मुठभेड़। (सांकेतिक फोटो)

सेक्टर-52 स्थित पेट्रोल पंप पर हुई मुठभेड़। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. मोहाली फायरिंग केस में वांछित मनीष को पुलिस ने घेरा।

  2. चंडीगढ़ पेट्रोल पंप पर पुलिस मुठभेड़ में गोली लगी।

  3. घायल होने के बावजूद आरोपी एंडेवर से भाग निकला।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। फेज-10 में कारोबारी के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में वांछित 25 वर्षीय मनीष पुलिस मुठभेड़ में भी बच निकला। हालांकि, उसके हाथ और पेट में गोलियां लगने से उसके दोस्तों ने उसे पीजीआई में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसकी पहचान की।

मनीष को फेज-10 में हुई फायरिंग के मामले में वांछित होने की सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम तलाश रही थी। शुक्रवार रात करीब 11:15 बजे वह सेक्टर-52 स्थित पेट्रोल पंप पर फोर्ड इंडेवर गाड़ी में ईंधन भरवाने के लिए रुका। टीम ने अपने वाहनों से एंडेवर को घेर लिया।

मनीष ने पुलिस वाहनों को टक्कर मारकर वहां से निकलने की कोशिश की। इस दौरान टीम ने आत्मरक्षा में करीब चार राउंड फायर किए। मनीष के हाथ और पेट में गोली लगी। घायल होने के बावजूद वह फोर्ड एंडेवर गाड़ी लेकर वहां से निकल गया। भागने के दौरान उसकी गाड़ी ने पेट्रोल पंप पर खड़ी एक मोटरसाइकिल को भी टक्कर मार दी।

पेट्रोल पंप पर अचानक गोलियां चलने और गाड़ियों की टक्कर से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू करने के साथ पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ली।

अस्पताल पहुंचने पर हुई आरोपित की पहचान

इसी बीच सेक्टर-36 थाना पुलिस को सूचना मिली कि हाथ और पेट में गोली लगने से घायल एक युवक को जीएमएसएच-16 में भर्ती कराया गया है। पुलिस टीम अस्पताल पहुंची तो उसकी पहचान मनीष के रूप में हुई। उसके दोस्त उसे अस्पताल लेकर पहुंचे थे। प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई रेफर किया गया। डाॅक्टरों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर है।

फेज-10 में कारोबारी के घर के बाहर हुई थी फायरिंग

सोमवार रात मोहाली के फेज-10 में एक कारोबारी के घर के बाहर दो अज्ञात युवकों ने कई राउंड फायर किए थे। दोनों आरोपित मोटरसाइकिल पर फरार हो गए थे। खरड़ क्राइम ब्रांच के प्रभारी प्रदीप सिंह बाजवा ने बताया कि फायरिंग करने वाले आरोपितों को मनीष ने पनाह दी थी।

बाजवा की शिकायत पर मनीष के खिलाफ चंडीगढ़ में सेक्टर-36 थाने में हत्या के प्रयास, लापरवाही से वाहन चलाने और सरकारी कर्मचारियों को ड्यूटी से रोकने समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद मनीष को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया जाएगा।

वहीं, मनीष के साथ मौजूद उसकी महिला दोस्त हरमन ने पुलिस की कहानी पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि सिविल कपड़ों में आए करीब पांच युवकों ने अचानक मनीष को घेरकर उस पर गोलियां चलाईं। हरमन के अनुसार इनमें कुछ युवक पुलिसकर्मियों जैसे दिखाई दे रहे थे।