खरीदारी से पहले हो जाएं सावधान, मोहाली में बिक रहे नामी विदेशी ब्रांड के नकली उत्पाद; दो दुकानदारों पर FIR
मोहाली के फेज-3बी2 मार्केट में नामी विदेशी ब्रांड माइकल कोर्स और वर्साचे के नकली उत्पाद बेचे जाने का आरोप है। ...और पढ़ें

मोहाली में नामी विदेशी ब्रांड के नाम पर नकली उत्पाद बेचे जा रहे। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
मोहाली में नकली विदेशी ब्रांड उत्पाद बरामद।
माइकल कोर्स बैग, वर्साचे चश्मे-परफ्यूम मिले।
दो दुकानदारों पर कॉपीराइट एक्ट के तहत केस।
जागरण संवाददाता, मोहाली। मोहाली के फेज-3बी2 मार्केट में नामी विदेशी ब्रांड के नाम पर नकली उत्पाद बेचने का मामला सामने आया है। अधिकृत प्रतिनिधि की शिकायत पर मटौर थाना पुलिस ने दो दुकानदारों के खिलाफ काॅपीराइट एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
दिल्ली निवासी अधिवक्ता विनय चौधरी ने पुलिस को बताया कि वह जियानी वर्साचे और माइकल कोर्स ब्रांड के अधिकृत प्रतिनिधि हैं। उनके अनुसार, दोनों कंपनियों ने नकली उत्पादों की बिक्री पर नजर रखने और कार्रवाई के लिए ब्रांड मानिटर प्राइवेट लिमिटेड को अधिकृत किया है।
शिकायतकर्ता को सूचना मिली थी कि फेज-3बी2 मार्केट में इन ब्रांडों के नाम से नकली उत्पाद बेचे जा रहे हैं। इसके बाद वह अधिवक्ता जैस्मीन और पुलिस टीम के साथ संबंधित दुकानों पर पहुंचे और उत्पादों की जांच की।
शिकायत में आरोप है कि स्टेप इन दुकान से माइकल कोर्स के बैग मिले, जबकि बाज कलेक्शन से माइकल कोर्स के बैग के साथ वर्साचे के चश्मे और परफ्यूम भी मिले। शिकायतकर्ता ने अपने अनुभव और प्रशिक्षण के आधार पर उत्पादों को नकली बताया।
स्टेप इन के संचालक हितेश बंसल और बाज कलेक्शन के गुरिंदर सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस ने 18 अक्टूबर को कापीराइट एक्ट की धारा 63 के तहत केस दर्ज किया। मामले की जांच जारी है। उत्पादों के नकली होने के आरोपों की पड़ताल की जा रही है। दोनों दुकानदारों का पक्ष सामने नहीं आया है।
