विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोहाली में तीन कारोबारियों के घर पर फायरिंग, मुख्य शूटर और उसका साथी गिरफ्तार; रंगदारी का मामला

Published: Sun, 20 Sep 2026 07:50 PM (IST)

मोहाली में रंगदारी के लिए तीन कारोबारियों के घरों पर हुई फायरिंग के मामले में खरड़ सीआईए ने मुख्य शूटर ...और पढ़ें

फायरिंग केस में गिरफ्तार मुख्य शूटर और उसका साथी।

फायरिंग केस में गिरफ्तार मुख्य शूटर और उसका साथी।

HighLights

  1. मोहाली में रंगदारी के लिए तीन कारोबारियों के घरों पर फायरिंग।

  2. मुख्य शूटर मंजीत उर्फ मनु और साथी संजीव सिंह गिरफ्तार।

  3. बुड़ैल जेल से काली शूटर चला रहा था रंगदारी का नेटवर्क।

संदीप खत्री, मोहाली। मोहाली में रंगदारी के लिए 10 दिन के भीतर तीन कारोबारियों के घरों पर फायरिंग के मामले में खरड़ सीआईए ने दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने मोहाली सेक्टर-104 में घर पर फायरिंग करने वाले मुख्य शूटर मंजीत सिंह उर्फ मनु और उसके साथी संजीव सिंह उर्फ संजय को गिरफ्तार किया है। दोनों नवांशहर के गांव जंडियाली के रहने वाले हैं।

सेक्टर-104 में हुई फायरिंग में मनु ने गोलियां चलाई थीं, जबकि संजीव बाइक चला रहा था। इस दौरान घर में काम करने वाला सचिन घायल हो गया था। दोनों को पुलिस सोमवार को अदालत में पेश कर रिमांड की मांग करेगी।

पुलिस अब सभी आरोपितों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग के लिए हथियार, बाइक और अन्य मदद किसने उपलब्ध करवाई थी।

इस मामले में खरड़ सीआईए अब तक 7 आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसके अलावा काली के रिश्तेदार आरोपित सिमरदीप को पटियाला सीआईए ने गिरफ्तार किया है। ऐसे में कुल 8 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।

काली शूटर को पुलिस ने बुडैल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया था। खरड़ सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर प्रदीप बाजवा खुद काली, आकाशदीप और अन्य आरोपितों को आमने सामने बिठाकर पूछताछ कर रहे हैं।

बुडैल जेल में बैठकर काली करवा रहा था फायरिंग

पुलिस के अनुसार बुडैल जेल में बंद रविंदर सिंह उर्फ काली शूटर इस पूरे नेटवर्क की अहम कड़ी है। पुलिस काली से लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार विदेश में बैठे लारेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े कुलवीर सिंह सिद्धू के निर्देश पर वारदातें करवाई गईं।

तीन कारोबारियों को फायरिंग के बाद फोन कर पांच-पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने की बात सामने आई है। कुलवीर ने काली से संपर्क किया था। काली ने ही बाइक, हथियार और शूटर मुहैया करवाए थे।

मोहाली पुलिस जेल प्रशासन को लिख सकती है पत्र

अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या बुडैल जेल में बंद काली शूटर जेल के अंदर से ही इस पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था और बाहर बैठे शूटरों तक निर्देश पहुंचा रहा था।

सूत्रों की माने तो मोहाली पुलिस चंडीगढ़ जेल प्रशाशन को पत्र लिख सकती है, ताकि काली फिर से मोबाइल का इस्तेमाल कर किसी वारदात को अंजाम न दे सके। ऐसे में मोहाली फायरिंग मामले में जेल के अंदर से नेटवर्क चलाने की आशंका ने पुलिस के सामने एक और चुनौती खड़ी कर दी है।

तीनों वारदातों में काली का भतीजा सिमरदीप भी शामिल

पुलिस के अनुसार काली शूटर का रिश्तेदार सिमरदीप सिंह उर्फ जशन भी तीनों फायरिंग की वारदातों में शामिल रहा है। उसे शुक्रवार को खरड़ सीआईए के इनपुट पर पटियाला सीआईए ने गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से दो जिगना पिस्टल और आठ कारतूस बरामद किए गए थे। पुलिस के अनुसार सिमरदीप की तीनों वारदातों में भूमिका रही है।