Move to Jagran APP

सिविल अस्पताल मोहाली में 7 डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव, 15 दिन तक नहीं होंगे ऑपरेशन

Mohali Corona Update मोहाली सिविल हॉस्पिटल में 7 डाक्टर कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। ऐसे में अस्पताल में होने वाली मरीजों के आपरेशन अगले 15 दिन तक टाल दिए गए हैं। हालांकि जरूरी सर्जरी अस्पताल में ही होगी।

By Ankesh ThakurEdited By: Published: Wed, 19 Jan 2022 03:38 PM (IST)Updated: Wed, 19 Jan 2022 03:38 PM (IST)
सिविल अस्पताल मोहाली में 7 डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव, 15 दिन तक नहीं होंगे ऑपरेशन
सभी डाक्टरों को आइसोलेट कर दिया गया है।

जागरण संवाददाता, मोहाली। Mohali Corona Update: मोहाली में कोविड के आठ हजार से ज्यादा एक्टिव केस हैं। मोहाली सिविल अस्पताल के सात डाक्टरों के चपेट में आने के बाद अलग अलग तरह की सर्जरियां कुछ समय के लिए टाल दी गई हैं। सेहत विभाग ने सभी गैर जरूरी सर्जिकल ऑपरेशन पर रोक लगा दी है। मोतियाबिंद, हड्डियों और दांतों की सर्जरी भी अगले निर्देशों तक बंद कर दी गई है। 

prime article banner

सिविल अस्पताल में  ईएनटी, मनोरोगी और नेत्र रोगियों को देखने वाले डॉक्टर कोरोना संक्रमित होने से आइसोलेट कर दिए गए हैं। ऐसे में लोगों को सिविल अस्पताल में इलाज नहीं मिल रहा और  लोगों को निजी अस्पताल का रुख करना पड़ रहा है।

मोहाली सिविल सर्जन डॉ. आदर्शपाल कौर ने बताया कि सर्जिकल ऑपरेशन करने से डॉक्टर सीधे तौर पर मरीजों के संपर्क में आते हैं। संक्रमित होने का भय अधिक रहता है। इसलिए 15 दिन के लिए ऑपरेशन बंद कर दिया है। अगर कोई व्यक्ति इसके लिए आवेदन करता है तो उसे 15 दिन बाद की तारीख दी जाती है। जबकि एक दिन में 2-3 सर्जरी होती हैं। गैरजरूरी सर्जिकल ऑपरेशन फिलहाल 15 दिन के लिए रोक दिए गए हैं। जबकि गर्भवती महिलाओं के जरूरी सर्जिकल ऑपरेशन पर कोई रोक नहीं है।

ध्यान रहे कि मोहाली में कोविड के मामले लगातार बढ़ रहे है। कोविड से मौत का आंकड़ा 1080 के पार पहुंच गया है। कोविड को लेकर प्रशासन की ओर से सख्त दिशा निर्देश जारी किए गए है। राजनीतिक पार्टियों के चुनावी कार्यक्रमों पर भी प्रशासन की ओर से रोक है। सिविल सर्जन ने कहा कि आने वाले दिनों में कोविड के मामले कम होने की उम्मीद है लेकिन लोगों को जागरूक रहना होगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.