मेयर राजबाला मलिक ने रद किए सारे कार्यक्रम, फोन पर ही ली जन्मदिन की बधाई Chandigarh News
मेयर राजबाला मलिक का सोमवार को जन्मदिन है ऐसे में वह फोन पर ही जन्मदिन की बधाई ले रही हैं।
चंडीगढ़, [राजेश ढल्ल]। प्रशासक वीपी सिंह बदनौर के बाद नगर निगम की मेयर राजबाला मलिक ने भी सभी पब्लिक कार्यक्रम पर जाना रद कर दिया है। अब कोई भी उन्हें अपने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बनाने के लिए बुला रहा है, तो उन्हें मना किया जा रहा है। ऐसा सिर्फ कोराेना वायरस से बचाव के लिए किया गया है। मेयर की ओर से खुद भी लोगों को पब्लिक के बड़े कार्यक्रम न करने की अपील की गई है। मेयर राजबाला मलिक का सोमवार को जन्मदिन है, ऐसे में वह फोन पर ही जन्मदिन की बधाई ले रही हैं। जो लोग इकट्ठे होकर जन्मदिन की बधाई मिलकर देना चाहते हैं, उन्हें भी मेयर की ओर से इंकार किया जा रहा है। मेयर का कहना है कि लोगों को भी कोराेना वायरस से जागरूक रहना चाहिए और सावधानी बरतनी चाहिए।
बैठक में मास्क पहनकर पहुंचे भाजपा नेता
चंडीगढ़ भाजपा के अध्यक्ष अरुण सूद की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय कमलम में नव नियुक्त पदाधकारियों, जिला अध्यक्षों और मोर्चा अध्यक्षों के पदाधिकारियों की पहली महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में भाजपा अध्यक्ष सहित सभी नेताओं ने खुद मास्क पहनकर हिस्सा लिया। अध्यक्ष अरुण सूद ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों के समक्ष बैठक का अजेंडा रखते हुए कहा कि विश्व भर में लोग कोरोना जैसी विकट बीमारी से परेशान हैं। कई देशों ने तो आपातकाल की घोषणा तक कर डाली है। इस भयंकर बिमारी ने अब हमारे देश में भी दस्तक दे दी है। कई प्रदेशों में तो महामारी जैसी स्थिति की भी घोषणा कर डाली है। चूंकि चंडीगढ़ प्रदेश में अभी तक इस बीमारी से ग्रसित कोई केस अभी तक सामने नहीं आया है |
'नो हैंडशेक ओनली नमस्ते' अपनाएं
अरुण सूद ने कहा कि भाजपा एक जिम्मेदार पार्टी है और हमें लोगों को इस बीमारी से लड़ने के लिए उपायों के प्रति जागरूक करने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन के समक्ष कुछ सुझाव भी रखेंगे। इन सुझावों को चंडीगढ़ के प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा के समक्ष रखने के लिए पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंदर बाघा और उपाध्यक्ष राम लाल को नियुक्त किया। इन लोगों के नेतृत्व में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल मनोज परिदा से भेंट कर ज्ञापन सौंपेगा। उन्होंने कहा कि इस बीमारी की रोकथाम के लिए अपने आपको स्वच्छ रखना है और साथ ही हमारी संस्कृति का प्रतीक 'नो हैंडशेक ओनली नमस्ते' को अपनाना है। इतना ही नहीं हमें अपने आसपास के लोगों को भी इस बीमारी से बचने के उपायों को समझाना है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें