चंडीगढ़ के एमसीएम डीएवी गर्ल्स कॉलेज की अॉनलाइन क्लास में अश्लील कमेंट्स, जांच में जुटी पुलिस
एमसीएम डीएवी फॉर वूमेन सेक्टर-36 कॉलेज की अॉनलाइन क्लास में अज्ञात व्यक्ति ने एंट्री कर ली। उसने क्लास के दौरान ही कई भद्दे और अश्लील कमेंट्स किए। चंडीगढ़ पुलिस की साइबर सेल मामले की जांच में जुट गई है।
चंडीगढ़ [कुलदीप शुक्ला]। एमसीएम डीएवी कॉलेज फॉर वूमेन की अॉनलाइन क्लास में अज्ञात व्यक्ति ने बेहद भद्दे और अश्लील कमेंट्स किए। इसके बाद लड़कियों की अॉनलाइन क्लास तुरंत बंद करवा दी गई। कॉलेज प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेकर साइबर सेल में लिखित शिकायत दी है। साइबर सेल आरोपित के आइपी एड्रेस को ट्रेस करने की कोशिश में लगी है। इस मामले में साइबर सेल की टीम एक्सपर्ट की मदद भी ले रही है।
कोरोना संक्रमण की वजह से चंडीगढ़ के सभी सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेज अॉनलाइन क्लासेज करवा रहे हैं। एमसीएम डीएवी फॉर वूमेन सेक्टर-36 कॉलेज की अॉनलाइन क्लास में अज्ञात व्यक्ति ने एंट्री कर ली। उसने क्लास के दौरान ही कई भद्दे और अश्लील कमेंट्स किए। मामले की शिकायत पर साइबर सेल की टीम ने तत्काल जांच टीम बनाकर कई तथ्य भी निकाल चुकी है।
फर्जी आइडी, पासवर्ड चोरी कर एंट्री
साइबर सेल की जांच में सामने आया है कि इस तरह की हरकत करने वाले आरोपित ने पहले किसी छात्रा से अॉनलाइन क्लॉस से संबंधित कॉलेज की आइडी और पासवर्ड चोरी किया। इसके बाद उसने फर्जी आइडी बनाकर क्लॉस में एंट्री कर ली। क्लास चलने के दौरान उसने अश्लील कमेंट्स कर डाले। पुलिस आरोपित को दबोचने में लगी है।
आरोपित के करीब पुलिस, पहले भी सुलझाए केस
साइबर सेल की टीम ने पहले भी सोशल साइट पर आपत्तिजनक पोस्ट और कमेंट्स करने वाले आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में भी पुलिस आरोपित के करीब पहुंच गई है। हालांकि पुख्ता सुबूत जुटाकर ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस की आरोपित पर नजर भी है।
इस शनिवार किसी ने अॉनलाइन क्लॉस में एंट्री कर गलत हरकत की थी। जिसके बाद तुरंत क्लास को रोक दिया गया। रविवार को कॉलेज का सारा सिस्टम रिसेट करने के बाद सोमवार को दोबारा से अॉनलाइन क्लास शुरू करवाई गई। कॉलेज स्तर पर भी जांच जारी है।
-निशा भार्गव, प्रिसिंपल, एमसीएम डीएवी सेक्टर-36