Chandigarh Coronavirus News Update : बापूधाम में 35 साल की महिला मिली पॉजिटिव, 17 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव
Coronavirus Chandigarh Update बापूधाम में शुक्रवार को एक और पॉजिटिव केस रिपोर्ट किया गया। यहां 35 साल की महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है।
चंडीगढ़, [विशाल पाठक]। शहर के बापूधाम में शुक्रवार को एक और पॉजिटिव केस रिपोर्ट किया गया। यहां 35 साल की महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। इसी के साथ शहर में अब कुल केस 219 हो गए हैं। 17 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। शुक्रवार को बापूधाम में 58 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। इनकी रिपोर्ट शनिवार सुबह आएगी।
चंडीगढ़ के रेड जोन बापूधाम कॉलोनी में प्रशासन की तरफ से कोरोना सैंपल कॉलेक्टिंग सेंटर बनाया गया है। यह सेंटर बापूधाम के एक स्कूल में बनाया गया है। अब हर संदिग्ध के सैंपल मौके से लेकर टेस्टिंग के लिए भेजे जाएंगे। इसे लेकर प्रशासक के एडवाइजर मनोज परिदा ने हेल्थ डिपार्टमेंट को निर्देश दिए थे। शुक्रवार से यहां संदिग्धों के सैंपल लेने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
इससे पहले पीजीआइ से वीरवार को एक बार फिर बड़ी संख्या में कोरोना पॉजिटिव पेशेंट्स को डिस्चार्ज किया गया। वीरवार को पीजीआइ से कुल 25 कोरोना संक्रमित मरीजों को रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद डिस्चार्ज किया गया। पीजीआइ से सुबह 11 बजे तीन कोरोना पॉजिटिव पेशेंट को डिस्चार्ज किया गया। इसमें पीजीआइ की 27 साल की नर्सिग ऑफिसर और पंजाब यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर की 55 साल की मां और आठ साल की बच्ची शामिल थी। इन तीनों कोरोना पॉजिटिव पेशेंट को डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया है। इन तीनों को सात दिन के लिए होम क्वारंटाइन के लिए कहा गया है। वहीं सेक्टर-46 के धनवंतरी आयुर्वेदिक कॉलेज से भी 17 लोगों को डिस्चार्च किया गया है। पीजीआइ से दोपहर करीब तीन बजे स्वास्थ्य मंत्रालय की नई गाइडलाइंस के मुताबिक 22 लोगों को डिस्चार्ज किया गया। इन 22 लोगों को सेक्टर-22 की सूद धर्मशाला में अगले सात दिन के लिए क्वारंटाइन किया गया है। सात दिन का क्वारंटाइन पीरियड पूरा करने के बाद इन लोगों को घर भेजा जाएगा।
मोहाली कोरोना मुक्त: 102 मरीज डिस्चाजर्, तीन की हो चुकी है मौत
जिले के लिए राहत व खुशी भरी खबर है कि जिले में कोरोना वायरस का अब कोई मरीज नहीं। बचे हुए दो मरीजों को वीरवार पीजीआइ से छुट्टी मिल गई है। सिविल सर्जन डॉ. मंजीत सिंह ने यह जानकारी देते हुए कहा कि जिले में कोरोना वायरस के कुल 105 मामले थे, जिनमें 102 मरीजों को ईलाज मिलने उपरांत छुट्टी देकर घर भेज दिया गया है और तीन मरीजों की मौत हो गई थी। उन्होंने कहा कि वीरवार को जो मरीजों को छुट्टी दी गई है, उनमें नयागांव का रहने वाला 30 साल का अंकित, जबकि गांव मिल्ख का रहने वाला 24 वर्षीय सुमन है। डॉ. मंजीत सिंह ने कहा कि चाहे जिले में अब कोरोना वायरस का कोई केस नहीं बचा है पर लोगों को यह नहीं समझ लेना चाहिए कि इस भयानक बीमारी का खात्मा हो गया है। थोड़ी सी लापरवाही हुई तो यह बीमारी दोबारा हम पर हमला कर सकती है और इस बीमारी को फैलने से रोकने के लिए अब तक की गई सारी मेहनत पर पानी फिर सकता है। बता दें कि नए निर्देशों अनुसार बीते शुक्रवार को कुल 35 मरीजों को छुट्टी देकर घर भेज दिया गया था। छुट्टी देकर घर गए व्यक्तियों को सावधानी रखने के लिए कहा गया है। सेहत विभाग की टीम समय-समय डिस्चार्ज होकर गए मरीजों से फीडबैक भी ले रही हैं।
पीजीआइ से अब तक 132 लोग हो चुके हैं डिस्चार्ज
पीजीआइ से अभी तक 132 कोरोना पॉजिटिव पेशेंट ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किए जा चुके हैं। इनमें चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा के कोरोना पॉजिटिव पेशेंट शामिल हैं। वहीं, अगर शहर की बात की जाए। शहर में अभी तक 178 कोरोना पॉजिटिव पेशेंट को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया जा चुका है। शहर में अब सिर्फ 37 एक्टिव कोरोना पॉजिटिव पेशेंट हैं। जिनका इलाज चल रहा है।
बापूधाम कॉलोनी में 12 नए केस
सेक्टर-26 बापूधाम कॉलोनी में एक बार फिर कोरोना वायरस ने कोहराम मचाया। वीरवार को बापूधाम कॉलोनी में 12 और सेक्टर-30 में साढे तीन साल की बच्ची की मां कोरोना पॉजिटिव पाई गई। शहर में अभी तक कुल 218 लोगों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, बापूधाम में अभी तक अकेले 147 पॉजिटिव केस दर्ज किए जा चुके हैं। शहर में एक बार फिर कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है।