Live Chandigarh Coronavirus News update: PGI में कोरोना पॉजिटिव की मौत, बच्ची समेत तीन नए केस
Live Chandigarh Coronavirus News update पीजीआइ में वीरवार को 36 साल के एक कोरोना पॉजिटिव शख्स की इलाज के दौरान मौत हो गई।
चंडीगढ़, जेएनएन। पीजीआइ में वीरवार को 36 साल के एक कोरोना पॉजिटिव शख्स की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक युवक मूल रूप से मधुबनी का रहने वाला था। वहीं, वीरवार को पीजीआइ में एक कोरोना पॉजिटिव मरीज को इलाज के लिए भर्ती किया गया। सेक्टर-50 के प्रोग्रेसिव एन्क्लेव में वीरवार को 34 साल के कोरोना पॉजिटिव मरीज को भर्ती किया गया। पीजीआइ में इस समय 25 कोरोना पॉजिटिव मरीज भर्ती हैं, जिसमें से 10 आइसीयू में और 15 जनरल वार्ड में हैं। पीजीआइ में अब तक कोरोना के 207 मरीजों को भर्ती किया जा चुका है। जबकि 176 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं।
वहीं रामदरबार में तीन नए कोरोना पॉजिटिव केस दर्ज किए गए। इनमें चार साल की बच्ची, सात साल का बच्चा और 32 साल की महिला पॉजिटिव पाई गई। शहर में अब तक 423 लोग कोरोना संक्रमित पाए जा चुके हैं। शहर में इस समय 88 कोरोना पॉजिटिव मरीज हैं। जिनका इलाज चल रहा है।
59 लोगों को किया क्वारंटाइन
बीते रोज सेक्टर-29 में 37 साल की महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी। इस महिला के संपर्क में आए परिवार के तीन और कम्युनिटी कांटेक्ट में 10 लोगों को क्वारंटाइन कर सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। जबकि सेक्टर-22 के 30 साल के युवक के संपर्क में आए परिवार के पांच और कम्युनिटी कांटेक्ट में आए 21 लोगों को क्वारंटाइन कर सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। कुल 59 लोगों को क्वारंटाइन किया गया है। इन सभी की रिपोर्ट शुक्रवार को आएगी।
सात लोगों को किया डिस्चार्ज
वीरवार को शहर के सात कोरोना पॉजिटिव लोगों को डिस्चार्ज किया गया। इनमें सेक्टर-26 के 40 साल के शख्स, सेक्टर-25 की 51 साल की महिला, 20 साल की युवती, 35 साल का शख्स, 30 साल की युवती और 25 साल की युवती को डिस्चार्ज किया गया है। जबकि रामदरबार के 58 साल के शख्स को डिस्चार्ज किया गया है। शहर में अब तक 329 कोरोना पॉजिटिव मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया जा चुका है।
मोहाली में कोरोना के तीन और मरीज आए सामने
मोहाली। जिले में कोरोना वायरस के तीन नए पॉजिटिव मामले सामने आए। पॉजिटिव आए मामलों में दो पुरुष व एक महिला शामिल हैं। पॉजिटिव केस बलटाना से संबंधित हैं। वहीं, सात मरीजों को छुट्टी दे दी गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इनके संपर्क में आने वालों को गाइडलाइन के मुताबिक निर्देश देने शुरू कर दिए हैं। मोहाली जिले में अब तक कुल केसों की गिनती 232 हो गई है, जिनमें से 51 मामले एक्टिव हैं, जबकि 178 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। इसके अलावा तीन लोगों की मौत हो चुकी है।