Live Chandigarh Coronavirus News update: कोरोना संक्रमित महिला ने दिया बच्ची को जन्म, GMSH-16 की सफाई कर्मचारी समेत 24 लोग पॉजिटिव
Live Chandigarh Coronavirus News update कोरोना का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार सुबह शहर में एक महिला जबकि माेहाली में पांच नए पॉजिटिव केस अाए है।
चंडीगढ़, [विशाल पाठक]। शहर में एक बार फिर कोरोना विस्फोट हुआ है। शनिवार को शहर में आज तक एक दिन में सबसे ज्यादा 24 कोरोना पॉजिटिव केस दर्ज किए गए। नए मामलों में शहर के मौलीजागरां में 14, बापूधाम कॉलोनी में एक, सेक्टर-38 में एक और सेक्टर-24 में एक ही परिवार के सात लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। शहर में अभी तक 404 लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हाे चुकी है। जबकि शहर में इस समय 82 कोरोना एक्टिव मरीज हैं।
शनिवार सुबह सेक्टर-26 बापूधाम कॉलोनी की 20 साल की गर्भवती महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई। इस 20 वर्षीय गर्भवती महिला की शनिवार को गवर्नमेंट मल्टी स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल (जीएमएसएच-16) में डिलीवरी हुई। महिला ने बच्ची को जन्म दिया। बच्ची काे फिलहाल डॉक्टरों ने निगरानी में रखा है। एक हफ्ते बाद बच्ची के सैंपल लेकर टेस्टिंग के लिए भेजे जाएंगे। इसके बाद ही यह पुष्टि हो सकेगी कि बच्ची कोरोना संक्रमित है या नहीं। वहीं, महिला को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।
एक ही परिवार के सात लोग पॉजिटिव
जीएमएसएच-16 अस्पताल की 34 साल की सफाई कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाई गई। यह महिला बीते वीरवार तक जीएमएसएच-16 में ड्यूटी पर थी। यह सफाई महिला कर्मचारी अस्पताल के बाकी कर्मचारियों के संपर्क में थी। महिला सफाई कर्मचारी के पॉजिटिव आने के बाद से अस्पताल के बाकी स्टाफ पर कोरोना के संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। महिला सेक्टर-24 की रहने वाली है। इस महिला के परिवार के बाकी छह सदस्य भी पॉजिटिव पाए गए हैं, जिनमें छह माह का बच्चा, 38 साल का पुरुष, छह साल की बच्ची, 10 साल की बच्ची, 12 साल की बच्ची और 57 साल की महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। इन सभी लोगों को जीएमएसएच-16 के आइसोलेशन वार्ड में एडमिट कर दिया गया है। इस परिवार का एक सदस्य बीते दिन कोरोना पॉजिटिव पाया गया था।
मौलीजागरां में एक साथ 14 लोग पाए गए कोरोना पॉजिटिव
मौलीजागरा में शनिवार शाम को एक साथ 14 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इन 14 में से 12 लोग एक ही परिवार के हैं। जबकि बाकी दो लोग कम्युनिटी कांटेक्ट के चलते कोरोना पॉजिटिव पाए गए। एक ही परिवार के जो 12 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं, उनमें 18 साल का युवक, 32 साल की महिला, 9 साल की बच्ची, 32 साल की महिला, 12 साल की बच्ची, 5 साल की बच्ची, 30 साल की महिला, 9 साल का बच्चा, 9 साल का बच्चा, 7 साल की बच्ची, 40 साल की महिला और 40 साल का पुरुष काेरोना संक्रमित पाए गए हैं। कम्युनिटी कांटेक्ट में मौलीजागरा के जो दो लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। उनमें 24 साल का युवक और 35 साल का एक शख्स पॉजिटिव पाया गया है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पंजाब के मुबारकपुर के गांव मीरपुर की बीते दिनों 65 साल की बुजुर्ग महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी। यह महिला 19 जून को गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच-32) में टेस्ट के दौरान पॉजिटिव पाई गई थी। यह बुजुर्ग महिला 12 जून को मौलीजागरां में अपनी बेटी के पास मिलने के लिए आई थी। इसके बाद इस बुजुर्ग महिला की बेटी में कोरोना के लक्षण सामने आए। इस पर बुजुर्ग की बेटी ने 12 जून को पंचकूला के सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में अपना इलाज कराया। लेकिन युवती अपने घर वापस लौट आई। इसके बाद युवती 19 जून को दोबारा जीएमसीएच-32 में अपना टेस्ट करवाने गई। जहां युवती कोरोना पॉजिटिव पाई ग्ई। इसके बाद युवती के मौलीजागरा में रह रहे परिवार के 19 और कम्युनिटी कांटेक्ट में आए दो लोगों के सैंपल लिए गए। परिवार के 19 लोगों में से 12 लोग पॉजिटिव पाए गए। जबकि सात लोगों की रिपाेर्ट नेगेटिव आई है।
सेक्टर-38 की तीन साल की बच्ची पॉजिटिव
शनिवार को सेक्टर-38 में तीन साल की एक बच्ची कोरोना पॉजिटिव पाई गई। यह बच्ची अपने परिवार के बाकी कोरोना पॉजिटिव सदस्यों के संपर्क में थी। जिसके चलते बच्ची संक्रमित हुई।
एक कोरोना पॉजिटिव मरीज डिस्चार्ज
सेक्टर-21 की 57 साल की कोरोना पॉजिटिव महिला को शनिवार को डिस्चार्ज किया गया। शहर में अभी तक 316 कोरोना पॉजिटिव मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया जा चुका है।
24 लोगों के सैंपल भेजे टेस्टिंग के लिए
शनिवार को शहर के 24 कोरोना संदिग्ध लोगों के सैंपल टेस्टिंग के लिए भेजे गए। शहर में अभी तक 404 लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हो चुकी है। 6578 लोगों के सैंपल लेकर टेस्टिंग की जा चुकी है। इनमे से 6162 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। शहर में कोरोना से छह लोगों की मौत हो चुकी है।
मोहाली जिले में 10 नए पॉजिटिव मामले
मोहाली जिले में कोरोना वायरस के शनिवार को 10 नए पॉजिटिव मामले सामने आए है। पॉजिटिव आए मामलों में चार पुरुष व छह महिलाएं शामिल हैं। पॉजिटिव मामलों में 20 वर्षीय युवक निवासी बलटाना जोकि बापूधाम कॉलोनी में पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आया था। जबकि सेक्टर-91 निवासी 52 वर्षीय पुरुष के अलावा कुराली में दो महिलाएं संक्रमित पाई गई हैं। दोनों यूपी से आई थी। इसके अलावा खरड़ निवासी 67 वर्षीय महिला भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। कुराली निवासी 57 वर्षीय पुरुष जोकि हाल ही में दिल्ली से लौटा था में भी पॉजिटिव पाया गया है। लालडू निवासी 53 वर्षीय पुरुष भी पॉजिटिव पाया गया है। वहीं बलटाना निवासी 18 व 25 वर्षीय महिला भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। यह दोनों ही बापू धाम कॉलोनी में पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आई थी। इसके अलावा खरड़ निवासी 54 वर्षीय महिला पहले से पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आने के बाद पॉजिटिव पाई गई है।
एक को मिली छुट्टी
डीसी मोहाली ने जानकारी दी कि बेशक रोजाना कोरोना पॉजिटिव मरीजों की गिनती बढ़ रही है वहीं, कुछ मरीज ठीक होकर घर भी जा रहे हैं। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि शनिवार को भी एक मरीज को छुट्टी दे दी गई है। घर वापस लौटे मरीजों में 28 वर्षीय मनप्रीत सिंह शामिल हैं। मोहाली जिले में अब तक कुल केसों की गिनती 218 हो गई है, जिनमें से 76 मामले एक्टिव हैं जबकि 139 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। इसके अलावा तीन लोगों की मौत हो चुकी है।