चुनाव ड्यूटी के चलते सरकारी विभागों में खल रही कर्मचारियों की कमी, रूटीन के कामों पर पड़ रहा असर
जिले के सरकारी विभागों में इन दिनों कर्मचारियों की भारी कमी खल रही है। चुनाव ड्यूटी के चलते चौथा दर्जा कर्मचारियों से लेकर उच्च अधिकारी भी व्यस्थ हैं।
जागरण संवाददाता, मोहाली। जिले के सरकारी विभागों में इन दिनों कर्मचारियों की भारी कमी खल रही है। चुनाव ड्यूटी के चलते चौथा दर्जा कर्मचारियों से लेकर उच्च अधिकारी भी व्यस्थ हैं। ज्यादा परेशानी चौथा दर्जा कर्मचारियों की ड्यूटी लगने के कारण सरकारी विभागों में बैठे अफसरों को हो रही है। क्योंकि पानी से लेकर चाय पीने के लिए भारी परेशानी हो रही है। जिले के लगभग सभी विभागों से कर्मचारियों की ड्यूटियां चुनाव में लगाई गई हैं। उधर कई विभागों के अधिकारी व कर्मचारी चुनाव ड्यूटी से अपना नाम कटवाने के लिए जुगाड़ बनाने में लगे हैं। मोहाली के गमाडा से लेकर पंचायत भवन, जंगलात विभाग व कई विभागों से कर्मचारियों की चुनाव ड्यूटी लगाई गई है। जिस कारण रूटीन के कामों पर भी असर पड़ रहा है। क्योंकि डीलिंग क्लर्क चुनाव ड्यूटी पर जाने के कारण लोगों को चुनाव के बाद अपना काम करवाने के आने को कहा जा रहा है।
आचार संहिता का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं
उधर चुनाव आचार संहिता की पालना करवाने के लिए मोहाली नगर निगम से लेकर अलग-अलग जिला परिषदों की ओर से अपने-अपने कर्मचारियों को पोस्टर व होर्डिंग्स सार्वजनिक स्थानों पर लगाने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश दे दिए गए हैं। मोहाली नगर निगम की ओर से अभी तक कई जगहों से होर्डिंग्स व बैनर उतारे गए हैं। मेयर कुलवंत सिंह ने कहा कि चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों और नियमों को अनदेखा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सभी राजनीतिक पार्टियों को प्रशासन की ओर से दिशा निर्देश दिए जा चुके हैं।
बैठकों का दौर जारी
वहीं सोमवार को चुनाव को लेकर प्रशासन कांप्लेक्स में अधिकारियों की बैठकों का दौर जारी रहा। जिला चुनाव अधिकारियों ने प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी सूरत में चुनाव आचार संहिता की पालना को यकीनी बनाया जाए। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।