कीरती किसान यूनियन ने बारिश में निकाली रैली
कीरती किसान यूनियन पंजाब ने पानी के मुद्दे पर फेज-8 में गुरुद्वारा अंब साहिब के नजदीक रोष रैली निकाली और पंजाब विधानसभा की ओर मार्च किया।
जागरण संवाददाता, मोहाली : कीरती किसान यूनियन पंजाब ने पानी के मुद्दे पर फेज-8 में गुरुद्वारा अंब साहिब के नजदीक रोष रैली निकाली और पंजाब विधानसभा की ओर मार्च किया। इस दौरान पंजाब पुलिस ने वाईपीएस बैरियर पर प्रदर्शनकारियों को चंडीगढ़ जाने से रोकने के लिए बैरिकेड लगाए हुए थे पर बड़ी गिनती में आए प्रदर्शनकारियों ने यह बैरिकेड हटा दिए गए और किसान चंडीगढ़ में दाखिल हो गए। चंडीगढ़ पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। इस मौके पर किसानों ने केंद्र व पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
यूनियन के राज्य प्रधान निर्भय सिंह ढूडीके और यूनियन नेता रजिदर सिंह दीप सिंह वाला ने कहा कि पंजाब के हेड वर्क्स का कंट्रोल पंजाब को दिया जाए और पानी का मसला कानून के तहत हल किया जाए। उन्होंने कहा कि पंजाब के किसानों को नहरों का पानी सारा साल मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि मोघिया के पहले रीजारज प्वाइंट बनाए जाएं और पानी की जरूरत न होने पर रीजारज प्वाइंट में नहरी पानी डाला जाए। उन्होंने मांग की है कि डैम सेफ्टी एक्ट को रद किया जाए और पंजाब सरकार एसेंबली में डैम सेफ्टी एक्ट को रद करने का प्रस्ताव पास करें। उन्होंने कहा कि वह पंजाब के पानी की रक्षा के लिए यहां आए हैं। उन्होंने मांग की है कि पानी में जहर घोलने वाली इंडस्ट्रियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और इन इंडस्ट्रियों को बंद करवाया जाए। पंजाब सरकार की निदा करते हुए उन्होंने कहा कि वोट डालकर पंजाब सरकार बनाई है, पर अब उनको चंडीगढ़ में नहीं घुसने दिया जा रहा। अगर हम सरकार बना सकते हैं तो आम आदमी पार्टी को सत्ता से उतार भी सकते हैं।