16 दिन से गायब बच्चा खुद घर के बाहर छोड़ गए अपहरणकर्ता, वजह जानेगी पुलिस
सेक्टर-47 स्थित घर के बाहर से गायब बच्चे को अपहरणकर्ता मंगलवार शाम घर के सामने छोड़कर भाग निकले।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : सेक्टर-47 स्थित घर के बाहर से गायब बच्चे को अपहरणकर्ता मंगलवार शाम घर के सामने छोड़कर भाग निकले। मामले में बच्चे की नानी की शिकायत पर पुलिस ने कहा था कि खुद खोज लो मिल जाएगा जबकि परिजनों ने अपहरण की आशका भी जताई थी।
15 दिन नानी और मासी की सूचना पर गायब 10 वर्षीय अरविंद के मामले में पुलिस की लापरवाही का मामला दैनिक जागरण ने उठाया था। खबर प्रकाशित होने के दूसरे दिन संदिग्ध अपहर्ता बच्चे को घर के बाहर छोड़ गए। सेक्टर-34 थाना पुलिस अब यह जानने की कोशिश में है कि अपहरणकर्ता कौन हैं और वे आखिर क्यों बच्चे को खुद ही घर के बाहर छोड़ गए हैं।
अरविंद के गायब होने के बाद परिजन उसे खोजने के साथ सेक्टर-34 थाना के चक्कर काट रहे थे। इस संबंधी समाचार अखबार में प्रकाशित होने के बाद पुलिस हरकत में आई जिसके बाद में बिना सूचना अरविंद को उसके नानी घर के सामने छोड़कर भाग निकले।
अरविंद की नानी रागिनी ने बताया कि वह सेक्टर-47 में रहती हैं। अरविंद के पापा की कुछ साल पहले मौत हो गई थी। उसकी मा शैलवी मुंबई में रहती है। चार साल की उम्र से अरविंद उनके साथ ही रहता था। करीब 14 दिनों पहले अरविंद रोजाना की तरह घर के बाहर खेलने निकला था पर वापस लौटकर नहीं लौटा। ज्यादा देर होने पर जब वह खुद घर के बाहर उसे खोजने निकली तो वह उन्हें कहीं नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने अपनी चंडीगढ़ में रहने वाली दूसरी बेटी और जानकारों को सूचना दी। आधी रात तक अपने लेवल पर खोजने के बाद उन्होंने संबंधित सेक्टर-47 थाना पुलिस को शिकायत दी।