दर्द से कराह रहा था युवक, OT में ले जाते ही भड़का, महिला डॉक्टर को जमीन पर गिराकर पीटा; खरड़ अस्पताल में हंगामा
खरड़ के सिविल अस्पताल में एक युवक ने इमरजेंसी वार्ड में महिला डॉक्टर पर हमला कर दिया, जिससे वह जमीन ...और पढ़ें

खरड़ स्थित सिविल अस्पताल में महिला डॉक्टर से मारपीट। (एआई जनरेटेड इमेज)
HighLights
युवक नशे की हालत में लग रहा था।
युवक के परिजनों का डॉक्टर पर आरोप।
बोले-गलत दवा से रिएक्शन हुआ।
जागरण संवाददाता, मोहाली। खरड़ के सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में तैनात महिला डॉक्टर से मारपीट का मामला सामने आया है। युवक दर्द से कराह रहा था और जब उसे ऑपरेशन थियेटर (ओटी) ले जाया गया तो किसी बात पर भड़क गया। इसके बाद महिला डॉक्टर पर हमला कर दिया। युवक नशे की हालत में लग रहा था।
शनिवार देर रात हुई यह घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। डॉ. हरशरणप्रीत कौर की शिकायत पर पुलिस ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, सरकारी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के काम में बाधा डालने और मारपीट समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, युवक के परिजनों ने आरोप लगाया कि डॉक्टर की ओर से गलत दवा दिए जाने से मरीज को रिएक्शन हुआ। उन्होंने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही करने और बहस करने के भी आरोप लगाए। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
अस्पताल में पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग
एसएमओ डॉ. सरिता ने कहा कि अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पहले भी पुलिस और प्रशासन को कई बार लिखित रूप में सूचित किया जा चुका है। अब वह जिला पुलिस प्रमुख से मुलाकात कर अस्पताल परिसर में पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग करेंगी, ताकि डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
