पूर्व मंत्री धवन को जिताने के लिए केजरीवाल ने बनाई रणनीतिकारों की टीम, ये नेता किए शामिल
आप संयोजनक अरविंद केजरीवाल ने चंडीगढ़ की चुनाव कमेटी को मंजूरी दे दी है। इस कमेटी में आप नेताओं के अलावा धवन के समर्थकों को भी शामिल किया गया है।
चंडीगढ़ [राजेश ढल्ल]। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार हरमोहन धवन को चुनाव जीताने के लिए राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने चंडीगढ़ की चुनाव कमेटी पर अपनी मंजूरी दे दी है। इस कमेटी में आप के नेताओं के अलावा धवन के समर्थकों को भी शामिल किया गया है। 24 फरवरी को सेक्टर-25 में आप की रैली होने जा रही है। इस रैली में अरविंदर केजरीवाल के अलावा शत्रुघन सिन्हा, यशवंत सिन्हा और जननायक पार्टी के अध्यक्ष एवं सांसद दुष्यंत चौटाला भी भाग लेने आ रहे हैं।
चंडीगढ़ के लिए चुनाव कमेटी के सदस्यों की घोषणा राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्य दुर्गेश पाठक ने की है। इस चुनाव अभियान समिति में आप के अध्यक्ष प्रेम गर्ग, विजय पाल सिंह, सतबीर सिंह कालिया, विक्रम सिंह पुुंडीर,एके अरोड़ा, एनएस धालीवाल, मीना शर्मा, पीपी घई, अरुण गोयल, राकेश सूद, जगदीश कपूर, मोहम्मद सलीम खान, अजायब सिंह और राजेंद्र कश्यप का नाम शामिल है।
अरुण गोयल, जगदीश कपूर और राकेश सूद पहले भाजपा में थे जो कि धवन के साथ आप में शामिल हुए हैं। जगदीश कपूर व्यापार मंडल के संस्थापक सदस्य भी है। चुनाव अभियान समिति के गठन के बाद धवन ने सभी सदस्यों के साथ बैठक की और 24 फरवरी को होने वाली रैली को कामयाब करने की जिम्मेवारी सौंपी गई है।