विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नैतिक हत्याकांड में काली शूटर का नाम जुड़ा, हथियार कराए थे उपलब्ध; चंडीगढ़ पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लाएगी

Published: Fri, 30 Oct 2026 01:32 PM (IST)

सेक्टर-22 में नाबालिग नैतिक की हत्या के मामले में गैंगस्टर रविंदर उर्फ काली शूटर का नाम सामने आया है, जिसे ...और पढ़ें

गैंगस्टर रविंदर उर्फ काली शूटर।

गैंगस्टर रविंदर उर्फ काली शूटर।

HighLights

  1. नैतिक हत्याकांड में गैंगस्टर काली शूटर का नाम सामने आया।

  2. चंडीगढ़ पुलिस काली शूटर को प्रोडक्शन वारंट पर लाएगी।

  3. हथियार लक्की पटियाल और काली शूटर ने उपलब्ध कराए थे।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सेक्टर-22 में नाबालिग नैतिक की हत्या केस में गैंगस्टर रविंदर उर्फ काली शूटर का भी जुड़ा है। चंडीगढ़ पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ करने की तैयारी में है। इस मामले में गिरफ्तार शूटर मनमेहर प्रीत सिंह और उसके छोटे भाई अर्शमेहर प्रीत सिंह से पूछताछ में हथियारों को लेकर जानकारी सामने आई थी।

दोनों आरोपितों ने बताया था कि एक पिस्टल गैंगस्टर लक्की पटियाल और दूसरी काली शूटर ने मुहैया कराई थी। पुलिस अब काली शूटर से पूछताछ कर हथियारों की सप्लाई और आरोपितों से उसके संपर्कों से जुड़े पहलुओं की जांच करना चाहती है।

पुलिस मुठभेड़ में घायल मनमेहर को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अर्शमेहर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस जल्द ही इन दोनों को भी प्रोडक्शन वारंट पर लाकर काली शूटर के सामने बैठाकर पूछताछ करने की तैयारी में है।

लक्की पटियाल को एक पिस्टल लौटाई

पुलिस पूछताछ में पता चला मनमेहर प्रीत सिंह के पास एक पिस्टल पहले से थी, जो बंबीहा गैंग के लक्की पटियाल ने उपलब्ध कराई थी। पटियाल ने दोनों भाइयों को दो विदेशी पिस्टल दी थीं। लगातार दो वारदातों में नाकाम रहने और पिस्टल की मैगजीन गिरने के बाद लक्की पटियाल से उनका विवाद हो गया। इसके बाद एक पिस्टल वापस कर दी गई।

लक्की पटियाल से संबंध बिगड़ने के बाद दोनों भाइयों का संपर्क काली शूटर के नेटवर्क से जुड़े लोगों के जरिए लॉरेंस बिश्नोई गैंग के करीबियों से हुआ। सूत्रों के अनुसार, इसी नेटवर्क के जरिए मनमेहर को दूसरी पिस्टल उपलब्ध कराई गई। 

पहले भी कारोबारियों पर फायरिंग की कोशिश

मनमेहर को पहले चंडीगढ़ और मोहाली के कारोबारियों को डराने के लिए फायरिंग करने का टास्क मिला था। आरोपित ने चंडीगढ़ के सेक्टर-9 में एक कारोबारी के घर के बाहर फायरिंग करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की मौजूदगी और सुरक्षा व्यवस्था के कारण वारदात नहीं कर सके।

इसके बाद मोहाली के सीपी-67 मॉल स्थित हेयर मास्टर सैलून के बाहर भी फायरिंग की कोशिश की गई, लेकिन वे इसमें भी सफल नहीं हुए। बाद में मनमेहर के लॉरेंस बिश्नोई गैंग के संपर्क में आने और मोहाली के एक कारोबारी तथा बलौंगी के एक ज्वेलर के घर पर फायरिंग करने का दावा भी जांच में सामने आया है। अगला निशाना मोहाली के सेक्टर-3बी-2 का एक बिल्डर था और रंगदारी के लिए डराने के मकसद से उसके घर पर फायरिंग करने की योजना बनाई गई थी। पुलिस ने आरोपितों को नैतिक हत्याकांड में गिरफ्तार कर लिया और वे इस बिल्डर के घर फायरिंग की योजना को अंजाम नहीं दे सके।