जस्टिस मुरारी होंगे पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश
जस्टिस कृष्ण मुरारी पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय नए मुख्य न्यायाधीश होंगे। कानून मंत्रालय ने इस पद के लिए उनके नाम को हरी झंडी दे दी है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। जस्टिस कृष्ण मुरारी पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय नए मुख्य न्यायाधीश होंगे। कानून मंत्रालय ने इस पद के लिए उनके नाम को हरी झंडी दे दी है। जस्टिस मुरारी इस समय इलाहाबाद हाई कोर्ट के न्यायाधीश हैं। पिछले महीने सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के पद के लिए उनके नाम को मंजूरी दी थी।
-गुवाहाटी हाई कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस ऋषिकेश राय का केरल उच्च न्यायालय में तबादला
हाल ही में न्यायमूर्ति शिवाक्स जाल वजीफदार के सेवानिवृत्त होने के बाद न्यायमूर्ति अजय कुमार मित्तल पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किए गए थे।
इस बीच, गुवाहाटी उच्च न्यायालय के न्यायाधीश जस्टिस ऋषिकेश राय का केरल उच्च न्यायालय में तबादला किया गया है। वह अब केरल उच्च न्यायालय में वरिष्ठतम न्यायाधीश हैं। उन्हें न्यायमूर्ति एंटनी डोमिनिक की सेवानिवृत्ति के बाद कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश का प्रभार संभालने को कहा गया है।
विधि मंत्रालय की अलग से जारी अधिसूचना के अनुसार, इलाहाबाद उच्च न्यायालय में अतिरिक्त न्यायाधीश जस्टिस कृष्ण सिंह और राजीव लोचन मेहरोत्रा पदोन्नत कर स्थायी न्यायाधीश बनाए गए हैं। फिलहाल इलाहाबाद उच्च न्यायालय में 63 न्यायाधीशों की कमी है। उसमें न्यायाधीशों की स्वीकृत संख्या 160 है। लेकिन, वहां अभी 97 न्यायाधीश ही हैं।