खिलौना गन दिखाकर ज्वेलर से लूट लिए गहने, लोगों ने दबोचे आरोपित
बुड़ै़ल चौकी से 200 मीटर की दूरी पर स्थित ज्वेलरी शॉप से मालिक को ट्वॉय गन दिखाकर 12 हीरे और एक चेन लूटकर दो बदमाश शुक्रवार रात भाग निकले।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : बुड़ै़ल चौकी से 200 मीटर की दूरी पर स्थित ज्वेलरी शॉप से मालिक को ट्वॉय गन दिखाकर 12 हीरे और एक चेन लूटकर दो बदमाश शुक्रवार रात भाग निकले। इसी बीच मालिक ने शोर मचा दिया, जिसके बाद बाहर खड़ी पब्लिक ने दौड़कर दोनों आरोपितों को सिविल अस्पताल के पास से काबू कर लिया। इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। आरोपित के पास से नकली बॉल, रॉड, चाकू और ट्वॉय पिस्टल बरामद हुआ है। पीड़ित शॉप मालिक चेतन की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ लूट की धारा में केस दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता ज्वेलर्स चेतन ने बताया कि एक दिन पहले एक व्यक्ति उनकी शॉप डीसी ज्वेलर्स में हीरे की अंगूठी देखने आया था। उसने बोला कि वह दूसरे दिन हीरे की अंगूठी लेने आएगा। दूसरे दिन शुक्रवार रात लगभग 8 बजकर 40 मिनट पर दो युवक आए और एक युवक ने बोला कि कल वाली हीरे की अंगूठी पैक कर दो। जैसे ही उन्होंने हीरे की अंगूठी वाले बॉक्स उठाए, एक आरोपित ने उन पर गन तान दी। जबकि, दूसरे आरोपित ने 12 हीरे की अंगूठी और एक 16 ग्राम के सोने की चेन छीनी और इसके बाद फरार हो गए। जिसके बाद उन्होंने शोर मचा दिया।
इतनी शराब पी रखी थी कि भाग भी नहीं पा रहे थे
शिकायतकर्ता चेतन ने बताया कि दोनों आरोपितों की पहचान सेक्टर-29 रहने वाले सबीन खान और रूहेल खान के रूप में हुई है। मूलरूप से दोनों बिहार निवासी हैं। वारदात के समय दोनों आरोपित शराब के नशे में धुत होने के कारण भाग भी नहीं पा रहे थे। जिसके कारण पब्लिक ने उन्हे दबोच लिया। वारदात के बाद यूटी पुलिस की चुप्पी गन प्वाइंट पर लूट की वारदात के बाद पुलिस अधिकारियों ने पूरी जानकारी होने से पहले मना किया। पुलिस आरोपितों को खुद गिरफ्तार करना दिखाना चाहती थी। हालांकि, मौजूद पब्लिक और शिकायतकर्ता फेमिली सहित बुड़ैल चौकी में शुक्रवार देर रात तक खड़े रहे। पुलिस अधिकारियों ने अपनी तरफ से देर रात तक किसी तरह की जानकारी नहीं दी। वह मामले में पूछताछ होने की बात पर आनाकानी करते रहे।