एसवाइएल पर इनेलो का आंदोलन, हरियाणा-पंजाब की सीमाओं पर तनाव
इनेलो के आंदोलन की घोषणा के चलते दोनों प्रदेशों की सीमाओं पर तनाव बना रहेगा। हरियाणा सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए अर्धसैनिक बलों की 10 कंपनियां तैनात करने का निर्णय लिया है।
जेएनएन, चंडीगढ़ : हरियाणा और पंजाब के बीच वर्षों से सियासत का कारण रही सतलुज यमुना लिंक नहर (एसवाईएल) के निर्माण के लिए प्रमुख विपक्षी दल इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के उद्घोष से हरियाणा और पंजाब दोनों सांसत में हैं।
इनेलो कार्यकर्ता सोमवार को हरियाणा-पंजाब की सीमाओं पर पांच जगह रास्ते रोकेंगे। इनेलो का तर्क है कि जब हरियाणा के पक्ष में सुप्रीम कोर्ट ने फैसला दे दिया है तो उसे लागू क्यों नहीं किया जा रहा है? इनेलो के आंदोलन की घोषणा के कारण सोमवार को दोनों प्रदेशों की सीमाओं पर तनाव रहेगा। हरियाणा ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अर्धसैनिक बलों की 10 कंपनियां तैनात करने का निर्णय लिया है। चार से पांच कंपनियों ने मोर्चा संभाल भी लिया है, जबकि पंजाब में वहां की सीमाओं पर 30 कंपनियां तैनात रहेंगी।
यह भी पढ़ें: बादल ने केक काटकर मनाया बेटे सुखबीर का जन्मदिन
इनेलो प्रदर्शनकारियों की ओर से पंजाब से हरियाणा आने वाले तमाम वाहनों को यहां प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा और उन्हें वापस जाने को मजबूर किया जाएगा। इस वजह से हरियाणा व पंजाब की बस सेवा पूरी तरह से प्रभावित होगी।
विपक्ष के नेता अभय सिंह चौटाला ने आंदोलन शांतिपूर्ण होने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि इमरजेंसी सेवाओं को किसी सूरत में बाधित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिरसा, फतेहाबाद, जींद और अंबाला के डीसी को पत्र लिखकर आंदोलन की सूचना दे दे गई है। साथ ही कहा गया है कि किसी असामाजिक तत्व को शरारत न करने दी जाए। चौटाला खुद पूरे आंदोलन पर हवाई मार्ग के जरिए निगाह रखेंगे। गृह सचिव रामनिवास और पुलिस महानिदेशक बीएस संधू ने दावा किया कि किसी तरह के व्यवधान से निपटने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
यह भी पढ़ें: आप विधायक एचएस फूलका ने छोड़ा नेता प्रतिपक्ष का पद
पंजाब के यात्रियों को देंगे फूल, पिलाएंगे चाय
अभय चौटाला ने कहा कि पंजाब से आने वाले लोगों को पानी व चाय पिलाकर तथा फूल भेंटकर यह समझाया जाएगा कि किसी का हक मारना कितना अनुचित है, ताकि वे अपने राज्य में वापस जाकर न केवल राजनीतिक नेताओं ही नहीं, आम जनता को भी हरियाणा के दर्द से वाकिफ करा सकें।
इन जगहों पर रोके जाएंगे रास्ते
-डबवाली में पंजाब के मलोट, फिरोजपुर तथा बठिंडा की तरफ से आने वाले वाहन सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी तथा तीन विधायक रोकेंगे
-टोहाना में पटियाला के रास्ते आने वाले वाहन किसान प्रकोष्ठ के अध्यक्ष निशान सिंह तथा दो विधायकों रोकेंगे
-जींद जिले के तीनों विधायकों द्वारा खनौरी से आने वाले वाहनों को रोका जाएगा
-अंबाला शहर स्थित बलदेव नगर में सांसद दुष्यंत चौटाला, पार्टी अध्यक्ष अशोक अरोड़ा के नेतृत्व में वाहन रोके जाएंगे
-अंबाला के पास ही हरियाणा-पंजाब शंभू बैरियर पर पार्टी नेता जसविंद्र सिंह संधू व रामपाल माजरा के नेतृत्व में सुबह नौ बजे से शाम तीन बजे तक रास्ते रोके जाएंगे
-अभय चौटाला खुद अंबाला में होने वाले रास्ता रोको आंदोलन में भाग लेंगे।
यह भी पढ़ें: कल एक-दूसरे के राज्यों में नहीं जाएंगी हरियाणा व पंजाब रोडवेज की बसें