Move to Jagran APP

इंडिगो की फ्लाइट में लगे जोरदार झटके, 35 मिनट अटकी रही 180 यात्रियों की सांसें

इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट जैसे ही चंडीगढ़ एयरपोर्ट के करीब पहुंची वैसे ही विमान को जोरदार झटके लगने लगे। यात्रियों ने बताया कि सभी इतने डर गए थे कि उन्हें लगा कि नहीं बचेंगे।

By Edited By: Published: Mon, 13 Jan 2020 07:35 PM (IST)Updated: Tue, 14 Jan 2020 11:06 AM (IST)
इंडिगो की फ्लाइट में लगे जोरदार झटके, 35 मिनट अटकी रही 180 यात्रियों की सांसें
इंडिगो की फ्लाइट में लगे जोरदार झटके, 35 मिनट अटकी रही 180 यात्रियों की सांसें

चंडीगढ़ [विकास शर्मा]। चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोमवार को बड़ा हादसा होते-होते बचा। दरअसल मुंबई से चंडीगढ़ आ रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6ई 734 जैसे ही चंडीगढ़ एयरपोर्ट के करीब पहुंची, वैसे ही उसका संतुलन बिगड़ गया और फ्लाइट हवा में डगमगाने लगी। विमान को जोरदार झटके लगने लगे। झटके इतने जोरदार थे कि इस फ्लाइट में बैठे 180 यात्री जोर-जोर से चिल्लाने लगे। यात्रियों ने बताया कि सभी इतने डर गए थे कि उन्हें लगा कि नहीं बचेंगे। इसके बाद पायलट ने विमान को संभाला। दो-तीन बार लैंडिंग की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में फ्लाइट की लैंडिंग दिल्ली में करवाई गई।

loksabha election banner

चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर नहीं हो सकी लैंडिंग

फ्लाइट में सवार यात्री विष्णु ईशान शर्मा ने बताया कि झटके बेहद जोरदार थे। उन्होंने कई बार फ्लाइट में सफर किया लेकिन इस तरह का घटनाक्रम पहली बार देखने को मिला। डर के माहौल में हमारी फ्लाइट 35 मिनट तक चंडीगढ़ एयरपोर्ट के ऊपर चक्कर काटती रही। पायलट ने लैंडिंग की कोशिश भी की लेकिन लैंडिंग नहीं हो सकी। इसके बाद पायलट फ्लाइट को दिल्ली ले गया जहां लैंडिंग करवाई गई।

मौसम नहीं, तकनीकी खराबी की वजह से आई दिक्कत

यात्री ज्योति ने बताया कि विमानन कंपनी के अधिकारी इस पूरे घटनाक्रम के पीछे खराब मौसम को वजह बता रहे हैं। जब हमारी फ्लाइट ने दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग की तो काफी देर तक विमानन कंपनी के क्रू मेंबर्स ने फ्लाइट की जांच की, इसके बाद विमानन कंपनी ने नई फ्लाइट में हमें दिल्ली एयरपोर्ट से चंडीगढ़ भेजा। हम सब काफी डरे हुए हैं।

डरे यात्री नहीं बैठे दोबारा फ्लाइट में

पूरे घटनाक्रम के बाद कुछ यात्री इतने डर गए थे कि उन्होंने दोबारा फ्लाइट में बैठने से इन्कार कर दिया और दिल्ली एयरपोर्ट से टैक्सी से चंडीगढ़ का सफर तय किया। ऐसे ही एक यात्री ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि मैंने आज मौत को अपने बेहद करीब से देखा है। मुझमें इतनी हिम्मत नहीं कि अब मैं दोबारा फ्लाइट में बैठकर सफर करूं।

यात्रियों की सुरक्षा हमारे लिए अहम

इंडिगो विमानन कंपनी के स्टेशन मैनेजर मनीष ने बताया कि हमारे लिए यात्रियों की सुरक्षा सबसे अहम है। यह सब खराब मौसम की वजह से हुआ या तकनीकी खराबी की वजह से, जांच का विषय है। अभी हमारी कोशिश यही है कि फ्लाइट में सफर कर रहे यात्री परेशान न हों।

घटनाक्रम एक नजर में

  • सुबह 11:15 बजे मुंबई एयरपोर्ट से फ्लाइट ने चंडीगढ़ के लिए उड़ान भरी।
  • दोपहर 2:10 बजे होनी थी चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर लैंडिंग जो नहीं हुई।
  • चंडीगढ़ से बैरंग लौटी फ्लाइट ने शाम 3:10 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर की लैंडिंग।
  • फ्लाइट में 180 यात्री थे सवार।

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.