पंजाब में प्रशासनिक फेरबदल, ईडी की पूछताछ के बाद IAS अनुराग वर्गा का विभाग बदला, जसप्रीत तलवार को अहम जिम्मेदारी
पंजाब सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अनुराग वर्मा का तबादला कर उन्हें कृषि एवं किसान कल्याण विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव बनाया है।

आईएएस अनुराग वर्मा, फाइल फोटो।
HighLights
अनुराग वर्मा को कृषि एवं किसान कल्याण विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव बनाया गया।
जसप्रीत तलवार ने राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन का अतिरिक्त मुख्य सचिव पद संभाला।
अर्शदीप सिंह थिंद को ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग की नई जिम्मेदारी मिली।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने वीरवार को 1993 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अनुराग वर्मा का तबादला कर दिया। अतिरिक्त मुख्य सचिव-कम-वित्तीय आयुक्त, राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाल रहे वर्मा को अतिरिक्त मुख्य सचिव, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग लगाया गया है।
साथ ही अतिरिक्त मुख्य सचिव, परिवहन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। कृषि विभाग पहले 2004 बैच के आईएएस अधिकारी अर्शदीप सिंह थिंद के पास था। वर्मा से कुछ दिन पहले ईडी ने जालंधर में पूछताछ की थी।
सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार 1995 बैच की आईएएस अधिकारी जसप्रीत तलवार को वर्मा की जगह अतिरिक्त मुख्य सचिव-कम-वित्तीय आयुक्त, राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन नियुक्त किया गया है। उन्हें अतिरिक्त मुख्य सचिव, खान एवं भूविज्ञान तथा अतिरिक्त मुख्य सचिव, न्याय का प्रभार भी सौंपा गया है।
थिंद को प्रशासनिक सचिव, ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वह अजित बालाजी जोशी की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। थिंद को प्रशासनिक सचिव, योजना विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। बागवानी विभाग की जिम्मेदारी उनके पास पहले की तरह बनी रहेगी।
अनुराग वर्मा के विभाग बदले जाने का फैसला ऐसे समय हुआ है जब ईडी की ओर से उनसे पूछताछ किए जाने की चर्चा रही है। हालांकि, सरकार के तबादला आदेश में ईडी की पूछताछ को विभाग परिवर्तन का कारण नहीं बताया गया है। अजित बालाजी जोशी और वरुण रूजम के मौजूदा अतिरिक्त प्रभारों में बदलाव नहीं किया गया है।
