झगड़े के बाद पति ने पत्नी पर छिड़का पेट्रोल, फिर आग लगाकर हो गया फरार
इंदिरा कॉलोनी में एक पति ने अपनी पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और मौके से फरार हो गया।
जेएनएन, चंडीगढ़। इंदिरा कॉलोनी में एक पति ने अपनी पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और मौके से फरार हो गया। आरोपित की पहचान यूपी के जिला बिजनौर के गांव कीरतपुर निवासी तौकीर के रूप में हुई है। आइटी पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आग से झुलसी महिला मेहनाज को सेक्टर-16 अस्पताल में भर्ती करवाया। डॉक्टरों ने बताया कि मेहनाज आग से काफी झुलस गई है। पुलिस ने मेहनाज की मां शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपित को मनीमाजरा से गिरफ्तार कर लिया है। मेहनाज प्रवीन इंदिरा कॉलोनी में अपने मायके में रहती है। आरोपित अपने घर जाने की फिराक में था। पुलिस ने उसे पहले ही दबोच लिया। इस मामले में पुलिस यह भी देखेगी कि आरोपित पेट्रोल कहां से लेकर आया। मेहनाज की मां कौसर जहांन ने बताया कि उसकी बेटी का निकाह बिजनौर के रहने वाले तौकीर से नौ साल पहले हुआ था, उसकी एक बेटी भी है। तौकीर अकसर उसके साथ मारपीट करता है। मेहनाज करीब एक साल पहले अपने मायके आकर रहने लगी थी। उसने तौकीर के खिलाफ महिला थाने में शिकायत भी दे रखी है, जिसकी जांच जारी है।
घर आकर करने लगा झगड़ा, बाद में भाग गया
कौंसर के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 9.30 बजे तौकीर अचानक से उनके घर पर आया और मेहनाज के साथ झगड़ा करना शुरू कर दिया। बाद में अपने साथ लाई गई करीब 5 लीटर की कैनी से अचानक से ही मेहनाज पर पेट्रोल छिड़क दिया और आग लगा दी। चीखें सुनकर आसपास के लोग एकत्र हुए, तब आरोपित भाग गया। मेहनाज का सेक्टर-16 अस्पताल में उपचार चल रहा है।