'पंजाब में चिट्टे की होम डिलीवरी, सप्लाई चेन...'; सचिन पायलट के पंजाब दौरे से पहले प्रताप बाजवा का AAP पर हमला
नेता प्रतिपक्ष प्रताप बाजवा ने पंजाब में नशे के बढ़ते संकट पर 'आप' सरकार को घेरा, कहा कि चिट्टे की ...और पढ़ें
-1789218977075_m.webp)
सचिन पायलट के पंजाब दौरे से पहले प्रताप बाजवा का AAP पर हमला। फाइल फोटो
HighLights
प्रताप बाजवा ने पंजाब में नशे के बढ़ते संकट पर 'आप' सरकार को घेरा।
कहा, जागरूकता के बजाय नशे की सप्लाई चेन तोड़ने पर ध्यान दें।
पुलिस कार्रवाई, पुनर्वास और जवाबदेही पर सरकार से सवाल उठाए।
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब में नशे के बढ़ते संकट को लेकर नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर तीखा हमला बोला है। पंजाब शिक्षा विभाग की ओर से 3,600 से अधिक सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के 7.5 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों तक नशा विरोधी जागरूकता अभियान पहुंचाने के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए बाजवा ने कहा कि जागरूकता जरूरी है, लेकिन इससे नशे के कारोबार पर लगाम नहीं लग सकती।
सरकार को प्रचार के बजाय नशे की सप्लाई चेन तोड़ने पर ध्यान देना चाहिए। बाजवा ने आरोप लगाया कि भगवंत मान सरकार के साढ़े चार साल के कार्यकाल के बावजूद नशे की उपलब्धता पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में चिट्टे की होम डिलीवरी जैसी शिकायतें सामने आना सरकार की कार्रवाई पर सवाल खड़े करता है। उनके अनुसार पुलिस को बड़े तस्करों और सप्लायरों तक पहुंचकर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना होगा।
नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा पर भी सवाल उठाया
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम चलाने तक सीमित नहीं रह सकती। प्रभावी पुलिस कार्रवाई, बड़े तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और नशे की गिरफ्त में आए लोगों के लिए बेहतर पुनर्वास इन तीनों मोर्चों पर एक साथ काम करने की जरूरत है।
बाजवा ने कहा कि सरकार को दावों और घोषणाओं के बजाय जनता के सामने कार्रवाई का हिसाब रखना चाहिए। कितने बड़े ड्रग नेटवर्क तोड़े गए, कितने प्रमुख तस्कर गिरफ्तार किए गए और गांवों-कस्बों तक नशे की पहुंच रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए, इसका जवाब सरकार को देना चाहिए। गुलजार सिंह की आत्महत्या का जिक्र करते हुए बाजवा ने नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा पर भी सवाल उठाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों को कथित रूप से धमकाने और परेशान करने की शिकायतें सामने आई हैं। बाजवा ने इन आरोपों की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि पंजाब को अब नए प्रचार अभियान नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देने वाले परिणाम चाहिए। सरकार को युवाओं की सुरक्षा और नशे के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई को प्राथमिकता देनी चाहिए।
