हिंदी देश के आमजन की भाषा, इससे करोड़ों लोगों की भावनाएं जुड़ी है : किरण रिजिजू
गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि हिंदी से देश के करोड़ों आम लोगों की भावना जुड़ी हुई है, जो हिंदी में सोचते हैं, हिंदी में बोलते हैं और जिनके जीवन में हिंदी रची बसी है।
By Edited By: Published: Mon, 19 Nov 2018 10:59 PM (IST)Updated: Tue, 20 Nov 2018 12:45 PM (IST)
चंडीगढ़, जासं : गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि हिंदी से देश के करोड़ों आम लोगों की भावना जुड़ी हुई है, जो हिंदी में सोचते हैं, हिंदी में बोलते हैं और जिनके जीवन में हिंदी रची बसी है। वे सोमवार को यहां राजभाषा विभाग गृह मंत्रालय की ओर से आयोजित पहले क्षेत्रीय सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हिंदी भारतीय संस्कृति के मूल तत्वों की अभिव्यक्ति का माध्यम है। यह भारत की भावनात्मक एकता को मजबूत करने का सशक्त जरिया भी है। रिजिजू ने कहा कि हमें सदैव यह स्मरण रखना होगा कि हिंदी भारत के जनमानस की भाषा है, लेकिन सभी क्षेत्रीय भाषाएं भी यहा की सभ्यता और संस्कृति की पोषक हैं। उन्होंने कहा कि हमें सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना चाहिए। हिंदी न केवल स्वतंत्रता के समय की प्रमुख भाषा रही, बल्कि स्वतंत्रता के बाद भी देश को जोड़ने का कार्य किया है। मातृभाषा से बढकर कुछ भी नहीं है। पंजाबी भाषा बेहद लोकप्रिय रिजिजू ने कहा कि पंजाब में बोली जाने वाली पंजाबी भाषा भी बेहद लोकप्रिय है। यह जन-जन से जुड़ी हुई है। हिंदी से प्रेम बढ़ाने की आवश्यकता : डॉ. चमन इस अवसर पर भारतीय उच्च शिक्षा संस्थान शिमला के उपाध्यक्ष डॉ. चमन लाल ने कहा कि भाषा प्रयोग से विकसित होती है। हमें हिंदी भाषा का प्रयोग करना चाहिए। आज आवश्यकता हिंदी भाषा से परिचय और प्रेम बढ़ाने की है। पंजाब विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के अध्यक्ष डॉ. गुरमीत सिंह ने कहा कि सरल और अच्छी हिंदी की बात की जानी चाहिए न कि हिंदी के व्याकरण के साथ उलझना चाहिए। हिंदी से जुड़े अनुवादकों, पत्रकारों, शिक्षकों के बीच तालमेल समय की मांग है। गृह राज्य मंत्री ने विजेताओ को किया पुरस्कृत समारोह में दिल्ली, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड से आए केंद्र सरकार के कार्मिकों ने सम्मेलन में शिरकत की। आयोजन का मुख्य उद्देश्य इन क्षेत्रों में स्थित केंद्र सरकार के विभिन्न कार्यालयों, बैंकों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों एवं नगर राजभाषा कार्यान्वयन समितियों के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करना था। गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किया।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें