Move to Jagran APP

पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ में जमकर बरसे मेघ, अभी दो दिन और होगी बारिश

पंजाब, चंडीगढ़ एवं हरियाणा में शनिवार को जमकर मेघ बरसे। अधिकांश शहरों में सुबह से रुक-रुक कर बारिश हो रही है।

By Kamlesh BhattEdited By: Published: Sat, 22 Sep 2018 04:28 PM (IST)Updated: Sun, 23 Sep 2018 05:17 PM (IST)
पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ में जमकर बरसे मेघ, अभी दो दिन और होगी बारिश
पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ में जमकर बरसे मेघ, अभी दो दिन और होगी बारिश

जेएनएन, चंडीगढ़। मौसम वैज्ञानिकों का पूर्वानुमान सही साबित हुआ। पंजाब, हरियाणा एवं चंडीगढ़ में जमकर मेघ बरस रहे हैं। कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। तेज बारिश के साथ तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। वहीं, बारिश के कारण अंबाला में मकान ढहने से दो बच्चों की मौत हो गई। बठिंडा में नहर टूटने से कई घर पानी में डूब गए, जबकि 200 एकड़ में खड़ी फसल तबाह हो गई। मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई है।

loksabha election banner

इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट चंडीगढ़ के अनुसार पटियाला में सर्वाधिक 80 मिमी बारिश हुई। अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि लुधियाना में शाम पांच बजे तक 51 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। यहां जबकि अधिकतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।  इसी तरह चंडीगढ़ में शाम पांच बजे तक 62 मिलीमीटर बारिश हुई। हरियाणा के शहरों में भी जमकर बारिश हुई।

लुधियाना में अधिकतम तापमान में गिरावट का 48 साल का रिकॉर्ड टूटा

लुधियाना में सुबह से रात तक हुई बारिश भारी बारिश से अधिकतम तापमान में गिरावट का 48 साल का रिकॉर्ड टूट गया। पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को शहर में 51 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि अधिकतम तापमान 23.3 ड्रिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में 10 डिग्र्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। 1970 के बाद पहली बार इस साल 22 सितंबर को शहर में अधिकतम तापमान इतनी गिरावट दर्ज हुई है। इससे पहले वर्ष 1998 में 22 सितंबर को अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

बठिंडा में नहर टूटने से 200 एकड़ में लगी फसल तबाह

बठिंडा के कोटली ब्रांच की नहर गांव जोधपुर पाखर में टूट गई, जिस से 200 एकड़ धान व कपास की फसल बर्बाद हो गई है । अभी तक कोई भी नहरी विभाग से टूटी हुई नहर को बंद करने नहीं पहुंचा।

अंबाला में मकान ढहने से दो बच्चों की मौत

हरियाणा के कई जिलों में तो बारिश का भयंकर रूप भी देखने को मिला। कई मकान ढह गए। अंबाला में दो बच्चों की मौत हो गई। फतेहाबाद में भी मकान ढहने से  तीन लोग घायल हो गए। बारिश के कारण कई शहरों में जलभराव से परेशानी हुई और ब्रेक डाउन से बिजली भी गुल रही। अंबाला में सड़कों पर धान की फसल बहती नजर आई। कुरुक्षेत्र की मंडियों में एक लाख क्विंटल धान भीग गया।

बारिश के कारण गत दिवस हिसार के नलवा हलके में होने वाली मुख्यमंत्री की रैली रद कर दी गई। इसके अलावा उनका सोनीपत दौरा भी रद कर दिया गया जहां खरखौदा में मुख्यमंत्री को शहीद नरेंद्र कुमार के परिजनों को श्रद्धांजलि देने जाना था।

पानीपत कुटानी गांव के पास बारिश होने के बाद जमीन पर बिछी धान की फसल।

हरियाणा कृषि विवि में होने वाला कृषि मेला स्थगित

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में 24 और 25 सितंबर को होने वाला कृषि मेला भी बारिश को देखते हुए स्थगित कर दिया गया है, अब इसका आयोजन 4 और 5 अक्टूबर को किया जाएगा।

और हुई तो फसलों को नुकसान

कृषि विज्ञानी डा. प्रवीण मंडल के अनुसार अभी फसलों में पानी की जरूरत थी, इससे नरमा और धान की फसल को फायदा हुआ है। अगर आगामी दिनों में हवाओं के साथ बारिश हुई तो नुकसान हो सकता है। 

अंबाला में छत गिरने से भाई-बहन की मौत, सांत्वना देने गए विज का विरोध

छावनी के दलीपगढ़ में गत सुबह एक मकान की कच्ची छत ढह गई। हादसे में सो रहे परिवार के चार सदस्य व दो अन्य रिश्तेदार दब गए। लोगों ने घायलों को स्थानीय नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया गया, लेकिन दोनों भाई-बहनों शीतल (16 वर्षीय) और हन्नी (14 वर्षीय) की मौत हो गई। सांत्वना देने अस्पताल पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का लोगों ने विरोध कर दिया। कैथल में भी वार्ड नंबर 23 स्थित चंदाना गेट पर भी एक मकान गिर गया। गनीमत रही उस समय परिवार के लोग कमरे से बाहर थे। फतेहाबाद में भी एक मकान के ढह जाने से तीन लोग घायल हो गए।

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.