पटियाला के राजपुरा में दिखा कश्मीर घाटी का नजारा, पंजाब में भारी बारिश और आेलावृष्टि
पंजाब में वीरवार को जमकर बारिश और ओलावृष्टि हुई। राज्य के अधिकतर हिस्सों में सुबह से ही बारिश हाे रही है। पटियाला के राजपुरा में तो आेलावृष्टि के कारण कश्मीर जैसा नजारा हो गया।
जेएनएन चंडीगढ़। पंजाब और चंडीगढ़ में वीरवार को जमकर बारिश और आेलावृष्टि हुई। इस दौरान तेज हवाएं चलीं। ओलावृष्टि के कारण कई जगह सड़कों और अन्य स्थानों पर सफेद चादर सी बिछ गई। पटियाला जिले के राजपुरा में तो कश्मीर घाटी सा नजारा हो गया। चंडीगढ़ में तो दिन में अंधेरा छा गया और रात जैसा नजारा हो गया। राज्य में विभिन्न स्थानों पर बुधवार देर रात से ही बारिश हो रही है।
बारिश और ओलावृष्टि ने राज्य में जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया है। चंडीगढ़ में वीरवार सुबह का अचानक घने बादल छा गए अौर तेज हवाएं चलने लगीं। इसके बाद मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ ओले भी पड़ी। यह क्रम दिनभर जारी रहा। घने बादल छाए रहने से दिन में ही रात जैसा अंधेरा हो गया। इस कारण वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर वाहन चलाने पड़े। कई जगह सड़कों पर घुटने तक पानी भर गया।
पटियाला के राजपुरा में सड़क पर बिछी ओलों की चादर।
पंजाब में जांलधर और लुधियाना सहित कई स्थानों पर बुधवार रात को भारी बारिश हुई और वीरवार को भी जारी रही। कई जगहों पर बुधवार रात और वीरवार को बारिश के साथ जमकर ओले पड़े। इससे सड़कों, पार्कों, खेतों और मकानों की छतों पर ओले की सफेद चादर बिछ गई। पटियाला के राजपुरा में तो कश्मीर घाटी सा नजारा था। सड़कों पर ओले की मोटी चादर बिछ गई। पार्कों, खुले स्थानों और घरों की छतों सहित जहां देखो बर्फ की चादर सी बिछी दिख रही थी।
पटियाला के राजपुरा में बिछी ओलों की चादर।
जालंधर में बुधवार रात को तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई आैर यह वीरवार को भी रुक-रुक जारी रही। इससे ठंड बढ़ गई और लोग घरों में दुबक रहे। वहीं सड़कों पर लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। पंजाब में जालंधर के अलावा लुधियाना, फिरोजपुर, गुरदासपुर, होशियारपुर सहित अन्य जिलों में भी बारिश हो रही है।
चंडीगढ़ में बारिश के कारण दिन में रात जैसा नजारा हो गया।
दूसरी ओर बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी हैं। ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान की आशंका है। बता दें कि पिछले दिनों मौसम विभाग ने ओलावृष्टि और तेज बारिश का अनुमान लगाया था। जम्मू कश्मीर के आस-पास पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने चलते उत्तर भारत में और बरसात हो सकती है। तेज हवाएं भी चल रही हैं जिससे आने वालों दिनों में ठंड में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
चंडीगढ़ में बारिश के बीच सड़क से गुजरते वाहन।