फैक्ट्री मालिक जमीन के नीचे दबा रहा था जानलेवा केमिकल, लोगों ने यूं सील करवाया गोदाम
औद्योगिक इकाई में चार स्थानों पर गड्ढों में खतरनाक केमिकल रखकर उसे मिट्टी से ढका जा रहा था। टीम ने जब मौके पर जाकर देखा तो जेसीबी चालक भाग गया।
संवाद सहयोगी, डेराबस्सी। बरवाला मार्ग स्थित गांव भगवानपुर के निकट सौरव केमिकल्स के गोदाम में जेसीबी की मदद से खुदाई कर दबाकर रखे गए घातक रसायन बरामद किया गया है। शिकायत मिलने पर यहां प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने छापामारी की। बोर्ड ने गोदाम सील कर दिया है। कार्रवाई के दौरान टीम ने पाया कि खुले आसमान के नीचे खतरनाक रसायनों को सरेआम डंप किया जा रहा था, इस कारण आसपास का वातावरण प्रदूषित हो रहा था।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एक्सईएन अशोक कुमार शर्मा व एसडीओ वीर दविंदर सिंह ने बताया कि इस औद्योगिक इकाई के आसपास रहने वाले लोगों ने शिकायत दी थी कि फैक्ट्री मालिक जेसीबी की मदद से घातक रसायन जमीन में दबा रहा है। शिकायतकर्ता ने इसकी एक वीडियो भी उपलब्ध कराई थी। इसमें औद्योगिक इकाई में चार स्थानों पर किए गए गड्ढों में खतरनाक केमिकल रखकर उसे मिट्टी से ढका जा रहा था। टीम ने जब मौके पर जाकर देखा तो जेसीबी चालक भाग गया।
जानलेवा है केमिकल
अशोक शर्मा ने बताया कि केमिकल की जांच की जाएगी। प्राथमिक जांच में पाया गया है कि यह केमिकल जानलेवा है। इसे जमीन के अंदर गहरा गड्ढा खोदकर दबाया जा रहा था। इसके अलावा खुले में भी केमिकल का रिसाव हो रहा था। उन्होंने आशंका जताई कि इससे भूजल भी दूषित हो सकता है। अधिकारियों ने बताया कि गोदाम को सील कर दिया गया है।
आज जेसीबी से गड्ढों से बाहर निकाला जाएगा केमिकल
अधिकारियों की टीम ने बताया कि सोमवार सुबह जेसीबी की मदद से खुदाई कर जमीन में दफन खतरनाक केमिकल को बहार निकाला जाएगा। छापेमारी के दौरान जसविंदर सिंह निवासी गांव हरिपुर हिंदुओं और गुरप्रीत सिंह निवासी गांव रामपुर सैनिया ने बताया कि यहां तीन एकड़ जमीन में कंपनी ने गोदाम बना रखा है। गोदाम में कई वर्षों से गड्ढा खोद कर खतरनाक केमिकल को दफनाया जा रहा है। आरोप लगाया कि कंपनी लोगों को खतरनाक बीमारियों की ओर धकेल रही है।