Thar से हरियाणा की शराब बरामद, राजस्थान का युवक गिरफ्तार, मुबारकपुर में पंजाब पुलिस की कार्रवाई
मुबारकपुर पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक थार गाड़ी से हरियाणा मार्का शराब की तीन पेटियां जब्त कीं। पुलिस ने ...और पढ़ें

मोहाली के डेराबस्सी में मुबारकपुर नाके पर पकड़ी गई शराब। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
पुलिस ने हरियाणा मार्का शराब की तीन पेटियां जब्त कीं।
नाकाबंदी के दौरान थार गाड़ी से शराब बरामद हुई।
राजस्थान के मनजीत सिंह चौधरी को गिरफ्तार किया गया।
संवाद सहयोगी, डेराबस्सी (मोहाली)। मुबारकपुर पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक थार गाड़ी से हरियाणा में बिक्री के लिए निर्धारित शराब की तीन पेटियां बरामद की हैं। पुलिस ने गाड़ी चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
आरोपित की पहचान राजस्थान के उदयपुर निवासी मनजीत सिंह चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार एएसआई सुरिंदर सिंह को चार अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मुबारकपुर पुलिस चौकी के सामने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान मुबारकपुर बस अड्डे की तरफ से आ रही काले रंग की थार गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गाड़ी से एक पेटी अमृत अमलगम माल्ट व्हिस्की और दो पेटियां वैट-69 ब्लेंडेड स्काच व्हिस्की बरामद हुईं।
बरामद शराब पर 'फार सेल इन हरियाणा ओनली' अंकित था। चालक ने अपनी पहचान मनजीत सिंह चौधरी बताई, लेकिन वह शराब रखने या पंजाब में लाने से संबंधित कोई वैध लाइसेंस अथवा परमिट पेश नहीं कर सका।
पुलिस ने शराब की तीनों पेटियों और थार गाड़ी को कब्जे में ले लिया। थाना डेराबस्सी में आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। आरोपित को अदालत में पेश किया जाएगा और मामले की आगे की जांच जारी है।
