हरियाणा कांग्रेस ने निकाली आजादी के 75 वर्ष गौरव यात्रा
हरियाणा कांग्रेस ने आजादी के 75 वर्ष गौरव यात्रा का आयोजन किया।
जागरण संवाददाता, पंचकूला : हरियाणा कांग्रेस ने आजादी के 75 वर्ष गौरव यात्रा का आयोजन किया। कालका से विधायक प्रदीप चौधरी, पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन, हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुधा भारद्वाज और प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष दिवांशु बुद्धिराजा के नेतृत्व में श्रीमाता मनसा देवी मंदिर के पास से शुरू हुई यह यात्रा सेक्टर-7 की मार्केट में आकर समाप्त हुई।
विधायक प्रदीप चौधरी ने कहा कि यह यात्रा कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी एवं पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के निर्देश पर देशभर में निकाली जा रही है। आज जबकि देश आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है, तो ऐसे में देश की सत्तारुढ़ भाजपा सरकार लोकतंत्र वाले इस देश में मिली हुई आजादी को धीरे धीरे छीन रही है। उन्होंने कहा कि आज देश में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, लूट, कानून व्यवस्था इत्यादि के चलते लोग त्राहिमाम कर रहे हैं। ऐसे में जिम्मेवार विपक्ष अगर लोगों की आवाज उठाता है तो उन पर ईडी का दुरुपयोग कर झूठे मुकदमे बनाकर उन्हें जेलों में ठूंसा जा रहा है। विपक्ष को ईडी और सीबीआइ का डर दिखाकर डराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष के नेताओं को बोलने नहीं दिया गया और सड़कों पर प्रदर्शन करने पर जेलों में भर दिया गया।
युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष दिवांशु बुद्धिराजा ने कहा कि एक तो बेरोजगारी ऊपर से महंगाई की मार के चलते युवा वर्ग काफी परेशान हो रहा है और इसी के चलते गलत राह अपनाने को मजबूर हो रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को एक सही माहौल दे पाने में यह सरकार पूरी तरह से नाकाम रही है। सुधा भारद्वाज ने कहा कि भाजपा राज में आज नशे का कारोबार इतना फलाफुला है कि प्रदेश का युवावर्ग इस दल-दल में धंसता जा रहा है और इसकी पूर्ति के लिए गलत तरीके से पैसे प्राप्त करने काद राह भी अपना रहा है।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता संजीव भारद्वाज, पवन जैन, आर के कक्कड, रविद्र रावल, नरेश रावल, राकेश सोंधी, रितेश कक्कड़, सलीम खान, रामप्रसाद, अक्षयदीप चौधरी, प्रियंका सिंह, अमन दत्त शर्मा, नवीन बंसल, मुकेश मल्होत्रा, सुखदेव सुखा सकेतड़ी, गुरमेल कौर, ओम शुक्ला, सुषमा खन्ना आदि मौजूद रहे।