चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर ढोल नगाड़ों से वंदे भारत एक्सप्रेस का स्वागत, CM मनोहर लाल ने किया अंबाला तक सफर
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के ऊना से वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है। अब यह ट्रेन चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई है। ट्रेन आधा घंटा लेट हैं। रेलवे स्टेशन पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ट्रेन का स्वागत किया।
आनलाइन डेस्क, चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के ऊना से वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है। अब यह ट्रेन चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल समेत कई नेताओं ने वंदे भारत एक्सप्रेस का स्वागत किया। वहीं, सीएम मनोहर लाल व अन्य मंत्री व नेता ट्रेन से सफर करते हुए अंबाला तक गए। रेलवे स्टेशन पर यह ट्रेन लगभग 12 बजे पहुंचनी थी, लेकिन ट्रेन आधा घंटा देरी से रेलवे स्टेशन पर पहुंची।
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर ढोल नगाड़ों के साथ ट्रेन का स्वागत किया गया। खास तौर पर ढोल वालों को स्टेशन बुलाया गया था। चंडीगढ़ भाजपा नेता भी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे हुए थे। वहीं स्टेशन को सजाया गया था। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और पुलिस जवानों को यहां तैनात किया गया था। हिमाचल के ऊना से रवाना हुई वंदे भारत एक्सप्रेस में रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव आम यात्री की तरह सफर करते हुए आए थे।
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर लगी भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़।
भाजपा के कार्यकर्ता चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 12 घेर कर खड़े हैं। इस दौरान जब शताब्दी ट्रेन पहुंची तो पुलिस वाले कार्यकर्ताओं को प्लेटफार्म से हटाने में जुटे रहे। शताब्दी ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को प्लेटफार्म पर उतरने में दिक्कत हो रही है। अंबाला रेलवे मंडल के चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के अधीक्षक की ओर से कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था और अन्य यात्रियों को कोई दिक्कत न हो इसको लेकर कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
दोपहर 12.44 बजे वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी।
वहीं, हिमाचल महासभा चंडीगढ़ की तरफ से रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का स्वागत करने की तैयारी की है। महासभा का कहना है कि हिमाचल के ऊना से शुरू हुई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हिमाचलवासियों के लिए दीपावली का उपहार है। महासभा के सदस्यों का कहना है कि चौथी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन हिमाचल प्रदेश की एकमात्र ब्राडगेज लाइन ऊना-अंब-अंदौरा तक जाएगी, जिसका हजारों लोगों को फायदा होगा। ट्रेजरर डीआर चौधरी ने बताया कि हिमाचली भाईचारे को इस रेल सुविधा का बहुत फायदा होगा। इससे लोगों का कीमती समय और पैसा भी बचेगा और बेहतर सुविधा भी मिल सकेगी। हिमाचल महासभा के अध्यक्ष पृथ्वी सिंह प्रजापति ने कहा कि हिमाचल महासभा के सदस्य चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर निर्धारित समय पर वंदे भारत रेल आगमन पर हाथ में तिरंगा और सिर पर पहाड़ी टोपी पहनकर स्वागत करेंगे।