चुनाव से पहले पंजाब में ईडी की कार्रवाई तेज, हरपाल चीमा ने केंद्र पर साधा निशाना
पंजाब में विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही ईडी की कार्रवाई तेज हो गई है, जिस पर वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।

हरपाल सिंह चीमा (फाइल फोटो)
HighLights
पंजाब में चुनाव से पहले ईडी की कार्रवाई में तेजी देखी गई।
वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
चीमा ने ईडी कार्रवाई को केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग बताया है।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब में विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई को लेकर सियासत गरमा गई है।
ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथारिटी (गमाडा) से जुड़े मामले में पंजाब समेत कई राज्यों में ईडी की कार्रवाई के बीच वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। चीमा ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि चुनाव करीब आते ही पंजाब में ईडी की कार्रवाई तेज हो गई है। उन्होंने कहा कि आप नेताओं, कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के घरों पर कार्रवाई की जा रही है।
चीमा ने अपनी पोस्ट में लिखा कि ये केवल छापे नहीं हैं, बल्कि केंद्रीय जांच एजेंसियों के कथित दुरुपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब ने कभी दबाव के आगे सिर नहीं झुकाया और आगे भी नहीं झुकेगा।
वित्त मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी सीधा निशाना साधते हुए लिखा, "जब भी मोदी को खतरा महसूस होता है, वह ईडी को आगे कर देते हैं।" हालांकि, चीमा ने अपनी पोस्ट में यह स्पष्ट नहीं किया कि ईडी की कौन-कौन सी कार्रवाई को वह राजनीतिक दबाव से जोड़ रहे हैं।
गमाडा मामले में कई ठिकानों पर कार्रवाई
गौरतलब है कि गमाडा से जुड़े मामले में ईडी ने दिल्ली, मोहाली, चंडीगढ़, पंचकूला और लुधियाना में कई ठिकानों पर तलाशी और सर्वे की कार्रवाई शुरू की है।
एजेंसी की ओर से यह कार्रवाई धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत की जा रही है। कार्रवाई में रियल एस्टेट से जुड़ी कंपनियों के प्रमोटर, निदेशक और उनसे जुड़े लोगों के परिसरों के अलावा सरकारी कार्यालय भी शामिल हैं।
ईडी की कार्रवाई के दौरान पंजाब की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। आम आदमी पार्टी इसे केंद्रीय एजेंसियों के इस्तेमाल से जोड़ रही है, जबकि ईडी की कार्रवाई संबंधित मामले में जांच और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया का हिस्सा है। एजेंसी की ओर से कार्रवाई पूरी होने के बाद बरामदगी और जांच के निष्कर्षों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।
