विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ में हार्ड राॅक कैफे के मैनेजर और बाउंसरों के खिलाफ FIR, पीएसओ का अपहरण कर मारपीट का आरोप

Published: Fri, 18 Sep 2026 09:29 PM (IST)

चंडीगढ़ के हार्ड राॅक कैफे के मैनेजर विजय कांत और 10-12 बाउंसरों पर पीएसओ हरप्रीत सिंह के अपहरण और मारपीट का आरोप लगा है। पुलिस ने मामला दर्ज किया।

सेक्टर-26 स्थित हार्ड राॅक कैफे के मैनेजर और बाउंसरों के खिलाफ एफआईआर। (सांकेतिक फोटो)

सेक्टर-26 स्थित हार्ड राॅक कैफे के मैनेजर और बाउंसरों के खिलाफ एफआईआर। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. पीएसओ हरप्रीत सिंह ने मैनेजर विजय कांत पर आरोप लगाया।

  2. बकाया वेतन मांगने पर अपहरण कर बेरहमी से पीटा गया।

  3. जीरकपुर और मोहाली के फ्लैट्स में मारपीट की गई।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सेक्टर-26 स्थित हार्ड राॅक कैफे में काम करने वाले एक पीएसओ ने कैफे के मैनेजर विजय कांत और 10-12 बाउंसरों पर अपहरण, बंधक बनाने, धमकाने और मारपीट का आरोप लगाया है।

शिकायत के आधार पर थाना-26 पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता हरप्रीत सिंह ने बताया कि वह पिछले नौ-दस महीने से कैफे में पीएसओ के रूप में कार्यरत था।

एक मारपीट की घटना के बाद उसे कुछ समय के लिए घर भेज दिया गया था। जब उसने चार महीने के बकाया 1.60 लाख रुपये वेतन के भुगतान के लिए प्रबंधन से संपर्क किया, तो उसे संतोषजनक उत्तर नहीं मिला।

24 अगस्त को विजय कांत ने उसे ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए बुलाया। 25 अगस्त की रात, जब वह कैफे पहुंचा, तो विजय कांत के साथ 10-12 बाउंसर वहां पहुंचे और उसे धमकाने लगे। उसे जबरन काले रंग की एमजी हेक्टर कार में बैठाकर जीरकपुर स्थित एक फ्लैट में ले जाया गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई।

इसके बाद, 26 अगस्त को उसे मोहाली के सेक्टर-88 स्थित अपूर्वा अपार्टमेंट के एक फ्लैट में ले जाकर फिर से मारपीट की गई और उसका वीडियो बनाया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी पत्नी ने पुलिस हेल्पलाइन 112 पर फोन किया।

पुलिस ने कैफे प्रबंधन से संपर्क किया, जिसके बाद आरोपित उसे लांडरां रोड, खरड़ के पास छोड़कर फरार हो गए। घायल हरप्रीत को उसके दोस्तों ने चिकित्सक के पास पहुंचाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।