अजितेश संधू और राशिद खान आए लीडरबोर्ड के टॉप पर
जीव मिल्खा सिंह इंविटेशनल गोल्फ टूर्नामेंट में शनिवार को राशिद खान और अजितेश संधू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लीड हासिल की।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ :
जीव मिल्खा सिंह इंविटेशनल गोल्फ टूर्नामेंट में शनिवार को राशिद खान और अजितेश संधू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लीड हासिल की। टाटा स्टील पीजीटीआइ ऑर्डर ऑफ मेरिट में लीडर रहे राशिद खान और सिटी के गोल्फर अजितेश संधू ने चंडीगढ़ गोल्फ क्लब में आयोजित इस प्रतियोगिता में 67 का कार्ड लगाया। दोनों खिलाड़ी लीडर बोर्ड पर 14 अंडर 202 के साथ ज्वाइंट फर्स्ट पर हैं।
दो दिन से लीड बनाए रहने वाले सिटी के गोल्फर करणदीप कोचर तीसरे राउंड में खिसक कर अब तीसरे स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने 13 अंडर 203 का कार्ड लगाया। पिछले साल के रनरअप रहे करनदीप कोचर ने इस राउंड में 71 का कार्ड खेला। इस वजह से वह पहले स्थान से तीसरे स्थान पर खिसक गए।
पिछले साल के विजेता रहे राशिद खान (71-64-67) ने शुक्रवार को 64 का कार्ड लगाया। वहीं शनिवार को 67 कार्ड लगाकर उन्होंने प्रतियोगिता में एक बार लय पकड़ ली है। राशिद खान ने 5वें, 8वें और 12वें होल्स में शानदार बर्डी मिली। राशिद खान ने बताया कि शनिवार का दिन उनके लिए शानदार रहा। पूरे दिन के खेल में वह बोगी फ्री रहे। 12वें होल्स में उन्होंने शानदार बर्डी लगाई। प्रतियोगिता की शुरुआत में उन्होंने काफी धीमा खेलना शुरू किया, लेकिन अब वह लय पकड़ चुके हैं।
वहीं अजितेश संधू (66-69-67) ने भी शानदार वापसी की है। 9वें होल्स में वहएक बर्डी लगाने के बावजूद एक बोगी कर बैठे। अंतिम 6 होल्स में उन्होंने पांच बर्डी लगाई। अजितेश ने बताया कि 9वें होल्स में वह चूक गए, लेकिन फिर उन्होंने वापसी की। उन्होंने कहा कि एशियन टूर में उन्होंने 15वां स्थान हासिल किया था, उम्मीद है कि इस टूर में और बेहतर रिजल्ट आएंगे।
दूसरी ओर शहर के गोल्फर अक्षय शर्मा ने 66 का कार्ड और आदिल बेदी ने 68 का कार्ड खेला। दोनों युवा गोल्फर अभी टॉप टेन में जगह बनाए हुए हैं। अक्षय 9 अंडर 207 का कार्ड खेलकर प्रतियोगिता में छठे स्थान पर हैं। जबकि आदिल बेदी सातवें स्थान पर हैं। वहीं प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरेने वाले इंडियोनेशिया के स्टार गोल्फर रोरी हॉ फाइव -अंडर -211 का कार्ड खेलकर 20वें स्थान पर बने हुए।