गमाडा घोटाले में कई IAS रडार पर, राजीव गुप्ता व विकास गर्ग के ठिकानों पर रेड से नौकरशाही में हड़कंप
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गमाडा भूमि घोटाले की जांच का दायरा बढ़ाया है, जिसमें कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रडार पर ...और पढ़ें
HighLights
ईडी ने गमाडा भूमि घोटाले की जांच का दायरा बढ़ाया
आईएएस अधिकारी राजीव गुप्ता और विकास गर्ग के ठिकानों पर रेड
नौकरशाही में हड़कंप, कई वरिष्ठ अधिकारी ईडी के रडार पर
रोहित कुमार, चंडीगढ़। ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामलों की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई अब किसी एक अधिकारी या एक फाइल तक सीमित नहीं रह गई है। सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसी गमाडा से जुड़े फैसलों की कड़ी में वरिष्ठ नौकरशाही की भूमिका को भी खंगाल रही है।
यही वजह है कि कार्रवाई का दायरा अधिकारियों के आवास और कार्यालयों तक पहुंचने के साथ-साथ पुराने प्रशासनिक फैसलों और उनसे जुड़ी फाइलों तक बढ़ गया है।
सूत्रों के मुताबिक, ईडी की ओर से पंजाब के मुख्य सचिव स्तर के अधिकारी से भी गमाडा से जुड़े मामलों में पूछताछ की जा चुकी है। इसके अलावा आइएएस अधिकारी राजीव गुप्ता और आइएएस अधिकारी विकास गर्ग से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई ने जांच को और महत्वपूर्ण बना दिया है।
एजेंसी की पड़ताल में यह देखा जा रहा है कि गमाडा में जमीनों की नीलामी, डेवलपर्स को दी गई राहत, ईडीसी और ब्याज से जुड़े फैसलों तथा नॉन-कंस्ट्रक्शन चार्ज के मामलों में निर्णय किस स्तर पर लिए गए।
40 करोड़ की राहत वाली फाइल भी जांच के केंद्र में
सूत्रों के अनुसार वर्ष 2025 में गमाडा की बैठक में करीब 40 करोड़ रुपये के नॉन-कंस्ट्रक्शन चार्ज से जुड़ी मांग को उचित नहीं मानते हुए राहत देने का मामला भी ईडी की जांच में अहम है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि राहत देने का आधार क्या था और निर्णय की प्रक्रिया में किन अधिकारियों की भूमिका रही।
इसके साथ ही गमाडा की प्राइम ऑक्शन साइटों से जुड़े मामलों में हुए कथित वित्तीय नुकसान और बिल्डरों को ईडीसी तथा ब्याज में दी गई राहत की फाइलें भी जांच के दायरे में बताई जा रही हैं। अधिकारियों के बीच हुए संवाद और संबंधित दस्तावेजों को भी जांच का हिस्सा बनाए जाने की जानकारी है।
अकाली नेता ने साधा निशाना
ईडी की कार्रवाई के बीच शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता विक्रमजीत सिंह मजीठिया ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने राजीव गुप्ता के बाद विकास गर्ग के ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई का उल्लेख करते हुए दावा किया कि कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी जांच एजेंसी के रडार पर हैं।
मामले में ईडी की कार्रवाई अभी जारी है। जांच एजेंसी की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि जांच में किन अधिकारियों और कंपनियों की भूमिका सामने आती है।
