आप भी दें मोहाली को सुंदर बनाने का आइडिया, नगर निगम से मिलेगा 5 लाख रुपये का कैश प्राइज
अगर आप 5 लाख रुपये कैश प्राइज जीतना चाहते हैं तो यह मौका आपको मोहाली नगर निगम दे रहा है। इसके लिए आपको मोहाली शहर को सुंदर और साफ सुधरा बनाने का बेहतर आइडिया देना होगा और यह इनाम आपका हो सकता है।
जागरण संवाददाता, मोहाली। मोहाली नगर निगम (Mohali Municipal Corporation) शहरवासियों को पांच लाख रुपये तक का कैश प्राइज (Cash Prize) जीतने का मौका दे रहा है। जी हां आपने बिल्कुल ठीक पढ़ा। मोहाली नगर निगम ने शहर को सुंदर और साफ-सुधरा बनाने के लिए लोगों से सुझाव मांगे हैं। अगर आपका आइडिया बेहतर रहा तो यह इनाम आप जीत सकते हैं। पहले पांच विजेताओं को यह इनामी राशि मिलेगी।
मोहाली निगम ने शहर को साफ-सुथरा कैसे बनाएं, इसको लेकर लोगों से सुझाव मांगे हैं। अगर निगम को सुझाव अच्छा लगा तो आप को नगद पुरस्कार दिया जाएगा। शहर को साफ-सुथरा और बेहतर बनाने के लिए लोगों से सहयोग मांगा जा रहा है। लोगों के सुझावों को शहर को सुंदर बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
स्कूलों, कॉलेजों के स्टूडेंट्स सरकारी और गैर सरकारी विभागों के कर्मचारी आम शहरी अपने सुझाव दे सकते हैं। इसमें कूड़े को खत्म करने, सीवरेज की सफाई, प्लास्टिक के इस्तेमाल को बंद करने के तकनीकी सुझाव देने होंगे। निगम को आगामी 31 दिसंबर तक सुझाव दिए जा सकते हैं। नगर निगम कमिश्नर के नेतृत्व वाली कमेटी सभी वर्गों के पांच अच्छे आइडिया को चुनकर राष्ट्रीय स्तर मुकाबले के लिए भेजेंगे। नगर निगम की ओर से चुने हुए बेहतर आइडिया वाली एंट्री को सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा। नगर निगम की ओर से राज्य स्तरीय मुकाबलें के लिए भेजी गई हर वर्ग की टॉप-5 एंट्रियों को पंजाब सरकार की ओर से नकद इनाम दिया जाएगा।
ऐसे कर भेज सकते हैं अपने आवेदन
मोहाली नगर निगम ने जो सुझाव मांगे हैं उन्हें लोग दो तरह से निगम को भेज सकते हैं। इसके लिए मोहाली नगर निगम की वेबसाइट MCMohali.org पर दे सकते हैं। वहीं, मैनुअली भी लोग अपने सुझाव दे सकते हैं। इसके लिए सेक्टर-68 स्थित मोहाली नगर निगम के कार्यालय में जाकर लिखित तौर पर अपने सुझाव को अधिकारियों को दे सकते हैं।
पहले पांच विजेताओं को मिलेगा इनाम
बेहतर सुझाव वालों को पहला इनाम 5 लाख रुपये, दूसरा ढाई लाख रुपये, तीसरा इनाम डेढ़ लाख रुपये, चौथा इनाम एक लाख और पांचवां इनाम 75 हजार रुपये देकर सम्मानित किया जाएगा। ध्यान रहे कि इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण में मोहाली की रैकिंग में सुधार हुआ था। इसके बाद मोहाली के मेयर अमरजीत सिंह ने अधिकारियों को कहा है कि शहर की रैंकिंग को नंबर वन पर लाने के लिए मेहनत करें। निगम कमिश्नर कमल गर्ग ने कहा कि लोगों से एंट्री मांगी गई जिसमें रूचि दिखा रहे हैं।